न्यूयॉर्क, 15 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)- अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नोवावैक्स के कोविड-19 वैक्सीन का वयस्कों लिए आपातकालीन उपयोग किए जाने की मंजूरी दी है। सीएनएन के अनुसार, यह अमेरिका में उपलब्ध चौथा कोरोनावायरस वैक्सीन है और इसके उत्पादन में पहले से उपलब्ध टीकों की तुलना में एक अलग प्रकार की वैक्सीन तकनीक का उपयोग किया गया है।
नोवावैक्स का टीका 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए दो खुराक वाली प्राथमिक श्रृंखला के रूप में उपलब्ध होगा। एफडीए की टीके और संबंधित जैविक उत्पाद सलाहकार समिति ने 7 जून को वैक्सीन को मंजूरी दिए जाने के पक्ष में मतदान करते हुए कहा कि वयस्कों के लिए इस वैक्सीन के लाभ इसके जोखिमों से कहीं अधिक हैं।
170 अन्य देशों में भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। टीकाकरण प्रथाओं पर सीडीसी की सलाहकार समिति की बैठक 19 जुलाई को होने वाली है।
हेपेटाइटिस-बी और पर्टुसिस जैसे रोगों के सुपरिचित टीकों की तरह यह कोविड-19 वैक्सीन प्रोटीन आधारित है। वायरस के हानिरहित प्रोटीन अंशों का उपयोग कर इसे मानव शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए तैयार किया गया है।
