नई दिल्ली,26 मई (युआईटीवी)- आईपीएल 2025 खत्म हो चुका है,लेकिन महेंद्र सिंह धोनी की अगली पारी को लेकर चर्चाएं अब भी जोरों पर हैं। क्रिकेट जगत में यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है कि क्या एमएस धोनी आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलेंगे? इस बहस में एक महत्वपूर्ण सुर जोड़ते हुए,पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने एक बयान में कहा है कि धोनी में अभी भी एक और खिताब जीतने की चाहत बाकी है और वो अब भी टीम के लिए मैदान पर उतरना चाहते हैं।
जियो हॉटस्टार पर एक कार्यक्रम के दौरान रॉबिन उथप्पा ने कहा कि सब कुछ धोनी की फिजिकल फिटनेस पर निर्भर करता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, “धोनी में अभी भी खेलने का जोश है। उनके बयान से यह साफ है कि वह मैदान में उतरना चाहते हैं और एक और खिताब जीतना चाहते हैं।”
उथप्पा ने इस बात पर ज़ोर दिया कि धोनी का निर्णय पूरी तरह से उनके शरीर की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा। अगर फिटनेस साथ देती है,तो वह आईपीएल 2026 में वापसी कर सकते हैं,नहीं तो मिनी ऑक्शन से पहले संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर धोनी संन्यास लेने का मन बना लेंगे,तो इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए संकेतों के रूप में मिल सकती है।
धोनी का इस सीजन में प्रदर्शन बीते वर्षों की तुलना में फीका रहा। उन्होंने 14 मैचों में 24.50 की औसत से मात्र 196 रन बनाए,जबकि पिछले सीजन (2024) में धोनी का स्ट्राइक रेट 220.55 था,जो कि उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की पहचान रहा है। इस बार धोनी की सीमित भूमिका और निचले क्रम में बल्लेबाजी ने उनकी प्रभावशीलता को कम किया।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के बाद भी धोनी ने अगले सीजन में खेलने को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पत्रकारों और प्रशंसकों की नजरें धोनी के मुँह से किसी ठोस उत्तर की उम्मीद कर रही थीं,लेकिन धोनी ने हमेशा की तरह सस्पेंस बनाए रखा।
उन्होंने कहा, “मेरे पास फैसला लेने के लिए 4-5 महीने हैं। शरीर को फिट रखना जरूरी है। मैं ये नहीं कह रहा कि मैं खेलूँगा,न ही ये कह रहा कि नहीं खेलूँगा। मैं राँची जाकर बाइक राइड का मजा लूँगा, फिर फैसला करूँगा।”
धोनी का यह बयान साफ तौर पर उनके कूल और रणनीतिक स्वभाव को दर्शाता है। वह कोई भी फैसला जल्दबाज़ी में नहीं लेना चाहते।
आईपीएल 2025 का यह सीजन सीएसके के लिए बेहद निराशाजनक रहा। टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही और सिर्फ 4 मैच जीत सकी। पहली बार ऐसा हुआ कि सीएसके टॉप 6 में भी जगह नहीं बना पाई। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए यह गंभीर विचार का विषय बन गया है कि उन्हें अगली सीजन के लिए अपनी रणनीति किस तरह तैयार करनी चाहिए।
यदि धोनी लौटते हैं तो वह सिर्फ खिलाड़ी नहीं,बल्कि मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत की भूमिका में होंगे। उनकी मौजूदगी ड्रेसिंग रूम में मनोबल बढ़ाती है और युवा खिलाड़ियों को सीखने का मौका देती है।
धोनी के भविष्य में आईपीएल में खलेने को लेकर तीन संभावनाएँ सामने हैं-
1) अगर शरीर साथ देता है,तो धोनी आईपीएल 2026 में आखिरी बार मैदान में उतर सकते हैं,शायद विदाई सीजन के तौर पर।
2) अगर फिटनेस आड़े आती है,तो वह मिनी ऑक्शन से पहले संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
3) यदि वे संन्यास लेते हैं,तो भी शायद फ्रेंचाइज़ी के साथ मेंटॉर या टीम डायरेक्टर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
एमएस धोनी केवल एक क्रिकेटर नहीं,बल्कि भावना हैं,खासकर चेन्नई सुपर किंग्स के करोड़ों प्रशंसकों के लिए। उनका हर एक निर्णय करोड़ों दिलों को प्रभावित करता है। रॉबिन उथप्पा जैसे पूर्व साथी का यह कहना कि “धोनी अभी खेलना चाहते हैं”, उम्मीदों को ज़िंदा रखता है।
अब सबकी निगाहें धोनी के अगले कदम पर टिकी हैं। चाहे वह आईपीएल 2026 में खेलें या न खेलें, ‘थाला’ का नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज रहेगा।