दांबुला,26 जुलाई (युआईटीवी)- महिला क्रिकेट एशिया कप 2024 के मुकाबले श्रीलंका के दांबुला में खेले जा रहे हैं,जिसमें आज टूर्नामेंट के दो फाइनलिस्ट टीमों का फैसला होगा। अब तक भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की है। भारतीय टीम अपने 8वें खिताब से मात्र दो कदम दूर हैं।
आज,शुक्रवार को भारत और बांग्लादेश के बीच टूर्नामेंट के इस संस्करण का पहला सेमीफाइनल मैच दांबुला में दोपहर दो बजे से शुरू होगा,जबकि आज ही शाम 7 बजे पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा।
भारतीय टीम ने महिला एशिया कप में अद्भुत प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक के कुल आठ संस्करणों में सात बार ट्रॉफी अपने नाम किया है,जबकि एक बार एशिया कप की ट्रॉफी बांग्लादेश ने जीता है। हालाँकि,भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में बांग्लादेश के मुकाबले काफी मजबूत दिखाई दे रही है। लेकिन,भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप में कुल 4 मैच खेल गए हैं और दोनों टीमें बराबरी पर रही है। साल 2018 का फाइनल मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच ही खेला गया था,जिसमें बांग्लादेश ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इसलिए भारतीय टीम आज के सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को कमजोर समझने की गलती नहीं करेगी।
Two Indian batters are on fire in the T20 Asia Cup 2024 and are rapidly rising in the charts for most runs in Women’s T20Is 😮
More 👇https://t.co/1pYYYfvh73
— ICC (@ICC) July 25, 2024
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा सेमीफाइनल शाम 7 बजे से खेला जाएगा। माना जा रहा है कि दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। श्रीलंका की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है,तो वहीं पाकिस्तान की टीम में भी कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। यदि पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को हरा दिया और दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराने में कामयाबी हासिल कर ली तो महिला एशिया कप 2024 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होने की संभावना है। लेकिन,पाकिस्तान के मुकाबले मेजबान टीम अधिक मजबूत नजर आ रही है। इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि आज होने वाले दोनों ही सेमीफाइनल मैच काफी रोमांचक होने वाले हैं।
महिला एशिया कप 2024 का प्रबल दावेदार भारत को माना जा रहा है। क्योंकि भारतीय टीम अच्छी लय में नजर आ रही है और अपने ग्रुप के सभी मैच जीत कर शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुँची है। हालाँकि,इस टूर्नामेंट में श्रीलंका भी अब तक भारत की तरह ही अपराजित रहा है। यह टी20 प्रारूप में महिला एशिया कप का पाँचवां संस्करण है, जिसमें भारत तीन बार चैंपियन बनने में कामयाब हुआ। महिला एशिया कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
