उत्तरकाशी,13 नवंबर (युआईटीवी)- भूस्खलन के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग भर-भराकर गिर गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली।
सुरंग के अंदर 36 मजदूरों के फँसे होने की संभावना जताई जा रही है। जो भी मजदूर इस सुरंग में फँसे हुए हैं,उनके बारे में बताया जा रहा है कि ये मजदूर पश्चिम बंगाल,बिहार,झारखंड,यूपी,हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के हैं। सिर्फ एक ही मजदूर उत्तराखंड का है।
प्रशासन की पहली प्राथमिकता उन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है। जिसके लिए अभियान चलाया जा रहा है और युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्यों को संचालित किया जा रहा है। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के राहतकर्मी सुरंग में फँसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ मिल कर काम कर रहे हैं। जेसीबी और दूसरी मशीनों का इस्तेमाल कर सुरंग के पास से मलबा हटाया जा रहा है।
उत्तरकाशी में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुरंग में फँसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए संचालित बचाव कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया है कि इस दुर्घटना से निपटने के लिए हर संभव मदद किया जाएगा। राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने के लिए भारत सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों को निर्देशित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री धामी ने पोस्ट शेयर कर इस बारे में जानकारी देते हुए लिखा कि, ” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेपचा, हिमाचल प्रदेश से लौटते ही उत्तरकाशी के सिल्क्यारा के पास हुए हादसा के बारे में फोन के माध्यम से जानकारी ली।”
आगे उन्होंने लिखा कि, ” श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के लिए जो राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं,उसके बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराया गया है।”
