मुंबई,29 अगस्त (युआईटीवी)- एक तरफ जहाँ सभी लोग शाहरुख़ की फिल्म जवान के साथ इंतज़ार कर रहे हैं,इसी बीच किंग खान को लेकर हैरान कर देने वाली एक खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस को उनकी सुरक्षा की चिंता हो गई है। जिसके बाद अब अभिनेता के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जवान की रिलीज से पहले एक ऑनलाइन गेमिंग विज्ञापन पर शाहरुख खान को आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ा।शाहरुख़ खान पर युवाओं का ऑनलाइन गेमिंग के लिए प्रभावित करने का आरोप है। जिसके चलते कुछ प्रदर्शनकारी शाहरुख खान के बंगले मन्नत के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के लिए इकट्ठा हो गए। उन्होंने गेमिंग ऐप्स का समर्थन करने पर शाहरुख़ खान के खिलाफ विरोध किया।

एक जानकारी के अनुसार ये विरोध प्रदर्शन ‘अनटच यूथ फाउंडेशन’ ने आयोजित किया था। इसमें जंगली रम्मी और ज़ूपी जैसे कई ऑनलाइन गेम पर निशाना साधा गया।
इस दौरान ऐसे कई अभिनेता और अभिनेत्रियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ जो इन गेमिंग ऐप्स को बढ़ावा देकर समाज को भटकाते हैं। उनका कहना है कि अभिनेता और अभिनेत्रियाँ इन गेमिंग ऐप्स को इंडोर्स करते हैं जिससे समाज गुमराह हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मन्नत के बाहर इतनी सुरक्षा देख किंग खान के प्रशंसक घबरा गए हैं। फिल्म जवान 7 सितम्बर 2023 को रिलीज़ होने वाला है। फिल्म के कुछ गाने भी रिलीज़ कर दिए गए हैं,जो काफी पसंद किए जा रहे हैं।
