मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

हाथरस हादसे में 121 लोगों ने गंवाई जान,सीएम योगी पहुँचे हाथरस,जिला अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

लखनऊ,3 जुलाई (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश स्थित हाथरस में सत्संग के दौरान अचानक भगदड़ मचने से अब तक कुल 121 लोगों की मौत हो गई है,जिसमें से 6 लोग हरियाणा,एमपी और राजस्थान राज्यों से थे। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गाँव रतीभानपुर में भोले बाबा का सत्संग का आयोजन किया गया था,जिसमें अचानक भगदड़ मच गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले को लेकर बुधवार को हाथरस पहुँच गए और भगदड़ में जो घायल हुए उनसे जिला अस्पताल में मुलाकात की।

सीएम योगी हाथरस पहुँचने के बाद सर्किट हाउस में हालात का जायजा लिया। सीएम ने कहा कि आज मैं जिला अस्पताल में 31 घायलों से मुलाकात की और बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों में से अधिकतर खतरे से बाहर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में हाथरस,ललितपुर,बंदायू,आगरा,एटा,पीलीभीत,संभल तथा फिरोजाबाद के निवासी मारे गए हैं। हमने इस पूरे घटना के तह तक जाने के लिए व्यवस्था बनाई है। पहले तो राहत और बचाव का कार्य किया गया।

उन्होंने अपने मंत्रियों और सांसद से इस दौरान पूरी जानकारी ली तथा अधिकारियों के साथ बैठक की। पूरे घटनाक्रम की सीएम योगी खुद जानकारी ले रहे हैं। घायलों से मुलाकात करने के लिए वे जिला अस्पताल पहुँचे। हेलीपेड पर मुख्यमंत्री का राजकीय हेलीकॉप्टर उतरा। उसके बाद उन्होंने अपने मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर अस्पताल के लिए रवाना हो गए। अस्पताल परिसर में सीएम योगी के आने की खबर के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया। कुछ देर के लिए ओपीडी को बंद कर दिया गया।

यूपी के मंत्री संदीप सिंह ने हाथरस में हुई भगदड़ घटना पर कहा कि अब तक 121 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। घायल व्यक्तियों और उनके परिवारों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथरस पहुँचे हैं। मुख्यमंत्री हमसे और प्रशासन के माध्यम से घटना की खबर ले रहे हैं। जो भी लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं,उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *