'राष्ट्र प्रथम' की भावना से भाजपा सरकार ने भारत के भविष्य को दी नई दिशा : नड्डा

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से भाजपा सरकार ने भारत के भविष्य को दी नई दिशा : नड्डा

नई दिल्ली, 30 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल के दौरान उनकी सरकार द्वारा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित अनेक ऐसे युगांतरकारी निर्णय करने का दावा किया है जिन फैसलों ने भारत के भाग्य व भविष्य को नई दिशा दी है। मोदी सरकार के 9 साल पूर्ण होने पर सिलसिलेवार एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित हो रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक स्वावलंबन, सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी जरुरतों की पहुंच सुदूर क्षेत्रों तक हुई है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित हमारी सरकार ने अनेक युगांतरकारी निर्णयों से भारत के भाग्य व भविष्य को नई दिशा दी है।

नड्डा ने कहा, ‘मोदी सरकार के 9 साल- सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण’ के रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक सुदृढ़ीकरण आदि क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी नीतियों में अंत्योदय व सेवा के संकल्प को सर्वोपरि रखा है।

भाजपा अध्यक्ष ने अगले ट्वीट में पंच प्रण का जिक्र करते हुए कहा, ‘आजादी के अमृतकाल’ में आज देश विकसित भारत के संकल्प के साथ पूर्ण आत्मविश्वास व उत्साह से उत्कर्ष के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ का संकल्प हमें मार्ग दिखाता है। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी, जिसकी भयावह आपदा से दुनिया के अनेक विकसित देश आज भी उभर नहीं पाये हैं, भारत तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इससे पहले नड्डा ने ‘9 साल सेवा, समर्पण और गरीब कल्याण के’ अभियान के तहत 2 मिनट 32 सेकंड का एक वीडियो शेयर कर इसे मोदी सरकार के परिवर्तनकारी प्रभाव पर एक दिलचस्प और अभिनव वीडियो बताया था।

इस वीडियो में मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आवास, पेयजल, स्टार्टअप्स, बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा, जम्मू कश्मीर, अयोध्या में राम मंदिर, सीमावर्ती क्षेत्रों में तैयार किए गए आधारभूत ढांचे और कोविड वैक्सीन सहित कई उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए यह दावा किया गया है कि ये 9 साल विकास, प्रयास, सबको साथ लेकर चलने के विश्वास, बलिदान और नए भारत के निर्माण के 9 साल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *