तेजस्वी यादव

भाजपा झूठ बोलने की ‘फैक्ट्री’, इन्हें जनता के मुद्दों से मतलब नहीं : तेजस्वी

पटना, 11 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)- बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा झूठ बोलने की फैक्ट्री भी है, हॉलसेलर भी है और डिस्ट्रीब्यूटर भी है। उन्होंने कहा कि इनका जनता के मुद्दों से कोई मतलब नहीं है, इनका काम केवल हंगामा करना है।

बिहार विधानमंडल परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को बिहार के विकास और बिहार की जनता की कोई चिंता नहीं है। उनका काम केवल हंगामा करना है। उन्होंने कहा कि इनके पास कोई मुद्दा नहीं है।

उन्होंने शिक्षकों के मुद्दे पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले को खुद देख रहे हैं। जो भी शिक्षक नेता हैं, उनको बुलाकर खुद मुख्यमंत्री बात करेंगे। यह कितनी अच्छी पहल है। जबकि, एक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिनके पास किसानों और पहलवानों से मिलने की भी फुर्सत नहीं है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम निशाने पर कब नहीं थे। किस बात के लिए एफआईआर की बात ये लोग करते हैं। 9 नवंबर 1989 में तो मेरा जन्म ही हुआ था। 2004 में मेरी क्या उम्र होगी जब का यह मामला है। उन्होंने खुद पर चार्जशीट होने पर कहा कि 2015 में हम बिहार के उपमुख्यमंत्री बने थे। एक साल भी नहीं हुआ कौन सा अपराध कर दिया हमने कि भाजपा वाले भ्रष्टाचारी कहने लगे। जो मामला है वह बहुत पुराना मामला है। मेरे मंत्री बनने के बाद कोई मामला मुझ पर नहीं है।

तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में जहां छगन भुजबल और अजीत पवार पर कुछ दिन पहले ही चार्जशीट हुआ और वो जेल होकर आए। जेल से आने के बाद उनका स्वागत भाजपा माला लेकर करती है। भाजपा ‘वॉशिंग मशीन’ है, जहां जाने के बाद सभी धुल जाते हैं। लेकिन, अब भाजपा का पाउडर खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी भाजपा झूठ बोलने की फैक्ट्री भी है, हॉलसेलर भी है और डिस्टीब्यूटर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *