मुंबई, 20 अक्टूबर (युआईटीवी)- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की बड़े बजट की एक्शन एंटरटेनर फिल्म ‘गणपत : ए हीरो इज बॉर्न’ देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म के रिलीज को लेकर मुंबई के दादर इलाके में सिद्धिविनायक मंदिर में टाइगर श्रॉफ ने आशीर्वाद लिया।
उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर में गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की और अपनी फिल्म की सफलता के लिए गणपति बप्पा से आशीर्वाद माँगा। इस दौरान अभिनेता ने फ्लोरल प्रिंट कुर्ता पहने हुए थे,जो हाथी दांत के रंग का था।
बॉलीवुड एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘गणपत : ए हीरो इज बॉर्न’ में उनके साथ कृति सेनन और अमिताभ बच्चन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इससे पूर्व टाइगर श्रॉफ फिल्म ‘हीरोपंती’ में अभिनेत्री कृति सेनन के साथ काम कर चुके हैं। अभिनेत्री कृति सेनन को हाल ही में उनकी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म “मिमी” के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘गणपत : ए हीरो इज़ बॉर्न’ भारतीय हिंदी भाषा की डायस्टोपियन एक्शन फिल्म है। जिसे विकास बहल ने लिखा और निर्देशित किया है। यह फिल्म जैकी भगनानी, वाशु भगनानी,दीपशिखा देशमुख और विकास बहल द्वारा निर्मित किया गया है। इस फिल्म को हिंदी,तेलुगु,कन्नड़ और तमिल में रिलीज किया गया है।
फिल्म ‘गणपत : ए हीरो इज़ बॉर्न’ का बजट ₹200 करोड़ है। फिल्म को पहले दिसंबर 2022 में रिलीज करने की योजना थी,लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया। फिल्म को दशहरा के शुभ अवसर पर 20 अक्टूबर 2023 को नाटकीय रूप से रिलीज़ किया गया था।
