विशाखापत्तनम,6 फरवरी (युआईटीवी)- इंग्लैंड को भारत ने दूसरे टेस्ट में 106 रनों से हराकर सीरीज में वापसी की और पाँच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाते हुए नंबर-2 का स्थान भी हासिल किया,जहाँ पहले वह बांग्लादेश के बाद पाँचवें स्थान पर खिसक गया था।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 स्टैंडिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत दूसरे स्थान पर आ गया है।
विशाखापत्तनम टेस्ट से पहले टीम इंडिया के नाम पॉइंट्स टेबल में 43.33 प्रतिशत अंक ही रह गए थे,लेकिन अब पॉइंट्स टेबल में भारत के 52.77 प्रतिशत अंक हो गए हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच श्रृंखला के शुरूआती मैच हैदराबाद में खेला गया था,जिसे इंग्लैंड ने 28 रन से जीत लिया था। इंग्लैंड से पहला टेस्ट मैच हारने के बाद डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में भारत पाँचवे स्थान पर खिसक गया था। डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में भारत से आगे बांग्लादेश पहुँच गई थी। लेकिन भारत ने रैंकिंग में अपना दबदबा दूसरे टेस्ट में जीत के साथ पुनः हासिल कर लिया ।
जहाँ पहली पारी में भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक लगाया,तो दूसरी पारी में भारत के लिए शुभमन गिल ने शतक लगाया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मैच की दूसरी पारी में 3 विकेट हासिल किए। भारत ने इन सब के बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 106 रनों से हरा दिया।
इंग्लैंड ने अग्रेसिव अप्रोच दिखाते हुए 399 रन के लक्ष्य का पीछा करने का प्रयास किया,लेकिन इंग्लैंड अपने प्रयास में कामयाब नहीं हो सकी और पूरी टीम 69.2 ओवर में 292 रन पर सिमट गई।
