नई दिल्ली,3 मई (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ने पर निशाना साधा और कहा कि अमेठी से इतना डर गए कि अब रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के बर्धमान में शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस जनसभा के सम्बोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अमेठी से इतना डर गए कि वहाँ से भागकर अब रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं। विपक्ष की सबसे बड़ी नेता के पास चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। वह डर कर राजस्थान भाग गई और वहाँ से राज्यसभा में आई। पहले ही मैंने बता दिया था कि वायनाड में शहजादे हारने वाले हैं। जैसी ही वायनाड में मतदान ख़त्म होगा,हार जाने के डर से वो तीसरी सीट की खोज में लग जाएँगे।
गौरतलब है कि गुरुवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने राजस्थान से पहली बार राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली। इस सीट को 3 अप्रैल को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद खाली किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि उनके सारे चेले चपाटे दूसरी सीट पर भी उनके बारे में कह रहे थे कि वे अब अमेठी आएँगे। लेकिन अमेठी से वे इतना डर गए कि अब वहाँ से भागकर वे रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं। घूम-घूम कर ये लोग सबको कहते रहते हैं – डरो मत।
आगे पीएम मोदी ने कहा कि इन्हें मैं भी यही कहूँगा-अरे डरो मत,भागो मत। साथ ही मैं आज एक और बात कहूँगा,इस बार कांग्रेस को पहले से भी कम सीट मिलेगी। कांग्रेस इस बार की लोकसभा चुनाव पहले से भी कम सीटों पर लड़ रही है। देश भी अब समझ रहा है कि ये लोग चुनाव के मैदान का उपयोग सिर्फ और सिर्फ देश को बाँटने के लिए कर रहे हैं। इनका मकसद चुनाव जीतना नहीं,बल्कि देश को बाँटना है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पिछले 10 दिनों से मैं लगातार 3 चुनौतियाँ दे रहा हूँ,लेकिन वो इस पर कुछ प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं,वो तो मौन होकर बैठ गए हैं। मेरी पहली चुनौती है- देश को कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले लिखित में विश्वास दें कि धर्म के आधार पर आरक्षण में,संविधान में वे कोई भी बदलाव नहीं करेंगे। मेरी दूसरी चुनौती है – देश से ये लिखित में वादा करें कि एससी, एसटी,ओबीसी के आरक्षण को छीनकर धर्म के आधार पर वे किसी को नहीं बाँटेंगे। मेरी तीसरी चुनौती है – वो लिखित में दें कि इनकी सरकार जहाँ है,वहाँ ओबीसी का कोटा काटकर, धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं दिया जाएगा।
