अंकारा,3 मई (युआईटीवी)- तुर्की ने गाजा में देश की चल रही सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए इजरायल के साथ सभी व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इसकी जानकारी तुर्की व्यापार मंत्रालय द्वारा दिया गया और कहा गया कि ये फैसला गाजा पट्टी पर इजरायली हमलों के चलते लिया गया है। इजराइली सरकार क्षेत्र में जब तक मानवीय सहायता के प्रवाह की अनुमति नहीं देती है,तब तक यह निलंबन जारी रहेगा।
तुर्की व्यापार मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि सभी उत्पादों के निर्यात और आयात लेनदेन इजराइल के संबंध में प्रतिबंधित कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि आयात और निर्यात के निलंबन का असर फिलिस्तीनी पर न पड़े,इसे सुनिश्चित करने के लिए फिलिस्तीनी अधिकारियों के साथ तुर्की के अधिकारी समन्वय करेंगे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अप्रैल में अंकारा ने 54 उत्पाद समूहों के निर्यात पर रोक लगाया था। जिसमें निर्माण उत्पाद,एल्यूमीनियम,स्टील,रासायनिक उर्वरक इत्यादि शामिल थे। अंतर्राष्ट्रीय युद्धविराम प्रयासों को इज़रायली सरकार ने नज़रअंदाज़ किया है। मंत्रालय ने कहा,यह देखा गया है कि इजरायली सरकार द्वारा आक्रामक व्यवहार जारी रखा गया है और फिलिस्तीन में मानवीय त्रासदी बदतर हो गई है।
बयान में कहा गया कि,राज्य स्तर पर इस संबंध में उठाए गए कदमों का ये दूसरा चरण है। गाजा को इजरायली सरकार जब तक मानवीय सहायता के निर्बाध और पर्याप्त प्रवाह की मंजूरी नहीं दे देती है,तब तक इन नए उपायों को तुर्की सख्ती से और निर्णायक रूप से लागू रखेगा।
7 अक्टूबर, 2023 को हमास के खिलाफ दक्षिणी इजरायली सीमा के माध्यम से जवाबी कार्रवाई करते हुए गाजा में इजरायल ने बड़े पैमाने पर हमास के खिलाफ हमला किया। जिसमें 1,200 लोग मारे गए और 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया।
गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक,गाजा पट्टी पर जारी इजरायली हमलों के परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर हताहत और क्षति हुई है। जब से इस संघर्ष की शुरुआत हुई है, 34,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हुई है।
