भारी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली,1 जुलाई (युआईटीवी)- दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून के आते ही मुसीबतें शुरू हो गई हैं। दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद को पहली बारिश ने ही पानी-पानी कर दिया था। जहाँ यह बारिश लोगों को राहत पहुँचा रही है,वहीं इससे मुसीबतें भी खड़ी हो रही है। कहीं जलभराव हो गया है,तो कहीं वाहन डूब गए हैं। यहाँ तक की बारिश से निपटने के लिए सरकार को समीक्षा बैठकें बुलानी पड़ी। यदि बात मौसम की करें तो अभी आने वाले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 3 दिन तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है,जिससे पता चल रहा है कि यह बारिश लोगों के लिए राहत की जगह आफत बन सकती है।

मौसम विभाग के ओर से अलर्ट जारी किया गया कि भारी बारिश की संभावना है,जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। दिल्ली में रविवार का दिन उमस भरा रहा। हल्के बादल छाए रहे। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में 37.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया,जबकि 27 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहाँ का अधिकतम तापमान तो सामान्य रहा,लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अगले तीन दिन में भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार,सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने तथा भारी बारिश की भी संभावना है। 2 जुलाई,मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है,साथ ही भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। 3 जुलाई,बुधवार को भी अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है,जो 29 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है,साथ ही भारी बारिश होने की भी संभावना है और न्यूनतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि इसके बाद भी मानसून राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय रहेगा,लेकिन लोगों को भारी बारिश से छुटकारा मिलेगी।

इस बीच तापमान में बारिश के वजह से काफी गिरावट दर्ज की गई है,जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

गौरतलब है कि बीते गुरुवार सुबह से शुक्रवार सुबह तक दिल्ली-एनसीआर में जोरदार बारिश हुई,यह बारिश आफत की बारिश बन गई थी। लोगों को जलभराव के चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते इतना अधिक जलभराव हो गया था कि उसमें गाड़ियाँ तैरती हुई दिखाई दे रही थी। गाजियाबाद के लोनी और नोएडा के वीआईपी इलाकों में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *