मोकी (चीन),10 सितंबर (युआईटीवी)- एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सोमवार को मोकी हॉकी ट्रेनिंग बेस में खेले गए अपने दूसरे लीग मैच में जापान को 5-1 से हरा दिया। मैच में सुखजीत सिंह भारत के लिए मैच के दूसरे मिनट,60वें मिनट में दो गोल किए। वहीं मैच के तीसरे मिनट में अभिषेक ने,17वें मिनट में संजय ने और 54 वें मिनट में उत्तम सिंह ने गोल किया।
जापान के तरफ से काजुमासा मात्सुमोतो ने 41वें मिनट में अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया। इससे पहले भारतीय टीम ने रविवार को अपने अभियान के शुरूआती मैच में मेजबान चीन को 3-0 से हराया था। अब बुधवार को भारत अपना अगला मुकाबला मलेशिया के खिलाफ खेलेगा।
भारत के लिए सुखजीत सिंह ने खेल के दूसरे ही मिनट में शानदार गोल दाग कर टीम को तेजी से बढ़त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय टीम ने सोमवार को खेले गए दूसरे मैच में शानदार शुरुआत की। सुखजीत सिंह के दूसरे मिनट में ही शानदार गोल से भारत ने बढ़त हासिल कर ली। अभिषेक ने इसके अगले ही मिनट में जापानी खिलाड़ियों को चकमा देने में कामयाबी हासिल की और कई जापानी रक्षकों को छकाते हुए गेंद को गोलकीपर के पास से ले जा कर गोल तक पहुँचाया।
अभिषेक के इस गोल ने भारतीय टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच के दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपना आक्रमण जारी रखा। मैच के 17वें मिनट में संजय ने एक शानदार पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारतीय टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी,जिससे भारतीय टीम अच्छी स्थिति में आ गई। जापानी खिलाड़ी भी इस दौरान खेल में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करते हुए खेल में वापसी करने की कोशिश की,लेकिन उनका प्रयास सफल नहीं हो पाया और उनके ओर से गोल नहीं हुआ। भारतीय टीम हॉफ टाइम तक 3-0 से आगे रही।
जापान के खिलाड़ियों ने तीसरे क्वार्टर में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 41वें मिनट में एक गोल करने में कामयाबी हासिल की। जापान के काजुमासा मात्सुमोतो ने इस गोल से दोनों टीम का स्कोर 3-1 हो गया।
मैच के चौथे क्वार्टर में 54वें मिनट में उत्तम सिंह ने टीम के लिए चौथा गोल किया,जिससे स्कोर 4-1 हो गया। खेल के अंतिम क्षण में भारत के लिए एक और गोल आया। 60वें मिनट में सुखजीत ने एक बेहतरीन गोल किया,जिससे भारतीय टीम यह मैच 5-1 से जीत गई।
भारत ने जापान को 5-1 से हराकर पूरे मैच में अपना दबदबा कायम रखा और शानदार तरीके से मैच को समाप्त किया। सोमवार को खेले गए मैच में भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 5-1 से हराकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुँच गई है।
भारत के अभिषेक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया,जिसके बाद उन्होंने कहा कि,इस जीत में पूरी टीम का प्रयास था। बुनियादी बातों पर हम कायम रहते हुए अच्छा आक्रमण किया और हमने लक्ष्य पर बने रहना सुनिश्चित किया। हीरो ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित होने पर मैं खुश हूँ।
