तृषा कृष्णन पर टिप्पणी को लेकर विवाद में घिरे आर.पार्थिबन (तस्वीर क्रेडिट@MoviesSingapore)

तृषा कृष्णन पर टिप्पणी को लेकर विवाद में घिरे आर.पार्थिबन,आलोचना के बाद जताया खेद

नई दिल्ली,10 मार्च (युआईटीवी)- तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक आर. पार्थिबन इन दिनों एक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में आयोजित एक अवॉर्ड समारोह में उन्होंने अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर एक टिप्पणी की थी,जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आईं। अभिनेत्री ने भी इस पर खुलकर प्रतिक्रिया दी थी। अब इस पूरे विवाद के बाद पार्थिबन ने सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी टिप्पणी अनजाने में की गई थी और उनका किसी को ठेस पहुँचाने का इरादा नहीं था।

दरअसल यह मामला एक अवॉर्ड समारोह के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में पार्थिबन से रैपिड फायर सेशन के दौरान कई सवाल पूछे जा रहे थे और उन्हें तुरंत जवाब देना था। इसी दौरान स्क्रीन पर तृषा कृष्णन की तस्वीर दिखाई गई। उस समय ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शक लगातार ‘कुंडवै-कुंडवै’ चिल्लाने लगे। ‘कुंडवै’ दरअसल उस किरदार का नाम है, जिसे तृषा ने पोन्नियिन सेल्वन में निभाया था और जो दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था।

इस दौरान पार्थिबन ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “इस कुंडवै को कुछ दिनों के लिए घर पर ही रहना चाहिए। उन्हें बाहर निकलने मत दो,यह बेहतर होगा।” यह टिप्पणी सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग तालियाँ बजाने लगे और हॉल में हँसी-मजाक का माहौल बन गया। हालाँकि,कार्यक्रम खत्म होने के बाद इस टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हो गया और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे आपत्तिजनक बताया।

विवाद बढ़ने के बाद पार्थिबन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ऑडियो क्लिप साझा करते हुए अपनी सफाई दी और खेद भी जताया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कुछ गलतियाँ अनजाने में हो जाती हैं और यह भी उसी तरह की एक गलती थी। उन्होंने बताया कि रैपिड फायर सेशन के दौरान उन्हें बहुत तेजी से जवाब देना था और उसी समय दर्शकों की आवाजों के बीच उन्होंने शब्दों के साथ खेलते हुए यह टिप्पणी कर दी।

पार्थिबन ने कहा कि उस समय उन्होंने सिर्फ ‘कुंडवै’ शब्द को लेकर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी और उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि जब वह मंच से नीचे उतरे तो उनके दोस्त और पत्रकार रंगराज पांडे ने उन्हें बताया कि उन्हें ऐसा कमेंट नहीं करना चाहिए था और वह इसे कहने से मना भी कर सकते थे।

पार्थिबन के अनुसार उन्हें तुरंत एहसास हो गया था कि यह टिप्पणी गलत समझी जा सकती है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों से भी कहा था कि इस हिस्से को सार्वजनिक न किया जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों से अनुरोध किया था कि इसे प्रकाशित न किया जाए,लेकिन किसी ने वहाँ मौजूद होकर इस पल का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जब उन्हें पता चला कि उनकी टिप्पणी से कुछ लोगों को ठेस पहुँचीं है,तो उन्हें वास्तव में दुख हुआ। उन्होंने कहा कि वह दिल से इसके लिए माफी माँगते हैं और उनका किसी भी तरह से किसी को आहत करने का इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि वह नहीं चाहते कि इस मामले से किसी तरह का विवाद या परेशानी पैदा हो।

पार्थिबन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह महिलाओं की स्वतंत्रता और सम्मान के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें कॉलेजों या अन्य मंचों पर बोलने का मौका मिलता है,तो वह अक्सर महिलाओं की स्वतंत्रता और समान अधिकारों के बारे में बात करते हैं। उनके अनुसार समाज में महिलाओं को अनावश्यक बंधनों से मुक्त होना चाहिए और उन्हें अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का पूरा अधिकार होना चाहिए।

उन्होंने अपने बयान में कहा कि महिलाएँ दुनिया की सबसे बड़ी रचनात्मक शक्ति हैं और समाज की प्रगति में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए उनका उद्देश्य कभी भी किसी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाना नहीं हो सकता।

हालाँकि,इस पूरे मामले में तृषा कृष्णन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के माध्यम से इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजकों ने उन्हें जानकारी दी थी कि उनके नाम और तस्वीर को कार्यक्रम में ऐन मौके पर शामिल किया गया था। उनके अनुसार यह निर्णय एक व्यक्ति की माँग पर उनके सहायक के माध्यम से लिया गया था।

तृषा ने अपनी पोस्ट में आलोचनात्मक अंदाज में लिखा कि माइक्रोफोन किसी टिप्पणी को बुद्धिमान या हास्यपूर्ण नहीं बनाता,बल्कि कई बार वह सिर्फ मूर्खता को और जोर से सामने ला देता है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पर्याप्त समझ या ज्ञान के अपमानजनक शब्द बोलने वाला व्यक्ति अक्सर यह समझ ही नहीं पाता कि वह क्या कह रहा है।

तृषा की इस प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर और अधिक चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने अभिनेत्री के समर्थन में अपनी राय व्यक्त की,जबकि कुछ लोगों ने पार्थिबन के स्पष्टीकरण और माफी को स्वीकार करने की भी बात कही।

तमिल फिल्म इंडस्ट्री में दोनों कलाकारों की अलग-अलग पहचान है। पार्थिबन एक अनुभवी अभिनेता और निर्देशक हैं,जिन्होंने कई फिल्मों में अपने अभिनय और निर्देशन से पहचान बनाई है। वहीं तृषा कृष्णन दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं और उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया है।

फिलहाल पार्थिबन द्वारा माफी माँगें जाने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है। हालाँकि,कई लोगों का मानना है कि सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने के बाद यह मामला धीरे-धीरे शांत हो सकता है। वहीं तृषा के प्रशंसक और सोशल मीडिया उपयोगकर्ता इस मुद्दे पर अभी भी अपनी राय साझा कर रहे हैं।