नई दिल्ली,14 नवंबर (युआईटीवी)- दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण करोड़ों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस व्यवधान का असर ईमेल सेवा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कंपनी के कई अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने को मिला। इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं और एयरलाइंस का कामकाज भी प्रभावित हुआ। भारत में दिल्ली के हवाई अड्डे पर भी यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद अब माइक्रोसॉफ्ट ने अपने ग्राहकों और साझेदारों से माफी माँगी है। कंपनी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि सेवाओं में आई समस्या को दूर कर लिया गया है और अब ज्यादातर क्षेत्रों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर दुनिया की बड़ी संख्या में कंपनियाँ निर्भर हैं। इनमें छोटी कंपनियों से लेकर बड़े कारोबारी समूह तक शामिल हैं। एप्पल और अमेजन जैसी कंपनियों समेत करीब 37 लाख छोटी-बड़ी कंपनियाँ किसी न किसी रूप में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं का इस्तेमाल करती हैं। ऐसे में कंपनी के नेटवर्क में आई गड़बड़ी का असर केवल व्यक्तिगत यूजर्स तक सीमित नहीं रहा,बल्कि कई संस्थानों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ा। ईमेल और ऑनलाइन बैठकों जैसी जरूरी सेवाओं में रुकावट आने से कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ।
कंपनी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि इस घटना के कारण ग्राहकों और साझेदारों को जिस परेशानी से गुजरना पड़ा,उसके लिए उसे गहरा खेद है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह समझती है कि ग्राहक उसकी सेवाओं पर भरोसा करते हैं और इस भरोसे से जुड़ी जिम्मेदारी को कंपनी गंभीरता से लेती है। कंपनी के अनुसार, उसकी सेवाओं में अब काफी हद तक सुधार हुआ है और सिस्टम पहले की तुलना में अधिक स्थिर स्थिति में पहुँच रहे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई यह रुकावट किसी साइबर हमले या कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी गतिविधि का परिणाम नहीं थी। कंपनी के मुताबिक,यह पूरी तरह तकनीकी समस्या थी,जो नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान सामने आई। हाल ही में नेटवर्क में किए गए एक बदलाव के बाद यह गड़बड़ी शुरू हुई थी। कंपनी ने जाँच के बाद मूल समस्या को ठीक करने का दावा किया है।
कंपनी ने बताया कि समस्या ठीक होने के बाद भी सभी ग्राहकों और क्षेत्रों में सेवाएं एक साथ बहाल करना संभव नहीं था। इसलिए माँग और नेटवर्क पर पड़ने वाले दबाव को ध्यान में रखते हुए सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया। हर चरण में सिस्टम की स्थिरता की जाँच की गई,ताकि बहाली के बाद दोबारा कोई व्यवधान पैदा न हो। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, इस प्रक्रिया में अपेक्षा से अधिक समय जरूर लगा, लेकिन इससे सेवाओं को सुरक्षित और स्थिर तरीके से दोबारा चालू करने में मदद मिली।
इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता और तकनीकी नेटवर्क की अहमियत को उजागर किया है। आज बैंकिंग, विमानन, कारोबार और संचार जैसी कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ क्लाउड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के सहारे संचालित होती हैं। ऐसे में किसी बड़ी तकनीकी सेवा में आई रुकावट का असर कई क्षेत्रों तक पहुँच सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने ग्राहकों से माफी माँगते हुए सेवाओं को स्थिर बनाए रखने पर जोर दिया है।
