टी20 विश्व कप : आयरलैंड के जोश लिटिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ली हैट्रिक

एडिलेड, 4 नवंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश लिटिल ने शुक्रवार को एडिलेड ओवल में पुरुष टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप 1 मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 19वें ओवर में हैट्रिक ली। न्यूजीलैंड 19वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 174 रन पर था और 200 रन को टीम पार करने के लिए तैयार दिख रही थी। लेकिन लिटिल ने कप्तान केन विलियमसन, जिमी नीशम और मिचेल सेंटनर को लगातार गेंदों पर आउट किया और टी20 में हैट्रिक लेने वाले आयरलैंड के दूसरे गेंदबाज बन गए। उनकी टीम के साथी कर्टिस कैंपर ने पिछले साल अबु धाबी में यह उपलब्धि हासिल की थी।

लिटिल ने टी20 विश्व कप में अबतक कुल 11 विकेट झटक लिए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3/22 के अपने आंकड़े के साथ, कीवी, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के खिलाफ सात विकेट पहले से दर्ज थे। हालांकि उनका यह प्रदर्शन टीम के काम नहीं आया और टीम को इस मुकाबले में 35 रन से हार का सामना हारना पड़ा।

लिटिल ने पारी समाप्ति होने के बाद कहा, “मैंने जब पहला विकेट लिया तो सोचा दूसरे के लिए आगे बढूं और जब दूसरा विकेट भी मेरे पास आ गया, तब मैंने तीसरे विकेट के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी और मैंने तीसरा विकेट भी हासिल कर लिया। इस दौरान मैं थोड़ा भाग्यशाली भी रहा।”

पिछले साल के आयोजन में कैंपर की हैट्रिक प्रतियोगिता के पहले दौर में नीदरलैंड के खिलाफ आई थी क्योंकि उन्होंने कॉलिन एकरमैन, रयान टेन डोशेट, स्कॉट एडवर्डस और रोलोफ वान डेर मर्व के विकेट चटकाकर दुर्लभ डबल हैट्रिक पूरी की थी।

पिछले कुछ वर्षों में टी20 विश्व कप में अब तक कुल छह हैट्रिक हो चुकी हैं, जिनमें से दो आस्ट्रेलिया में इस साल के आयोजन में आई हैं। यूएई के लेग स्पिनर कार्तिक मयप्पन ने इस साल के टी20 विश्व कप की पहली हैट्रिक आस्ट्रेलिया में श्रीलंका के खिलाफ पहले दौर में श्रीलंका से हार के दौरान हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *