देव दीपावली (तस्वीर क्रेडिट नरेंद्रमोदी "एक्स")

अद्भुत काशी में देव दीपावली की धूम,पतित पावनी गंगाजी के घाट 21 लाख से अधिक दीपों से हुए जगमग

वाराणसी, 28 नवंबर (युआईटीवी)- देव दीपावली के शुभ अवसर पर अद्भुत काशी में अलौकिक छटा देखने को मिली। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार शाम को बनारस के घाटों पर 21 लाख से अधिक दीप एक साथ जलाए गए। यह दृश्य देवलोक सा दिखाई दे रहा था। इसके साक्षी 150 डेलीगेट्स और उनके परिवारजन,70 देशों के राजदूत,देश-विदेश के आम नागरिक बने। इसका शुभारंभ नमो घाट पर देव दीपावली पर पहला दीपक जलाकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। काशी नगरी में देव दीपावली पर 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए,जिसकी जानकारी अधिकारियों ने दी है। 12 लाख से अधिक दीप काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर ही प्रज्ज्वलित किए गए। इनमें से एक लाख दीए गाय के गोबर से बने थे।

पूर्वी तट की रेत पर और पश्चिमी तट घाटों पर दीप जलाए गए थे। देव दीपावली पर 21 लाख दीए काशीवासी घाटों, कुंडों, तालाबों,सरोवरों,वरुणा नदी के शास्त्री घाट, गंगा-गोमती तट पर स्थित मार्कण्डेय महादेव इत्यादि स्थानों पर जलाए गए। इन दीयों के जगमगाहट से चारों ओर रोशनी छा गई।

सरकार की ओर से देव दीपावली के शुभ अवसर पर 12 लाख दीए,स्वयंसेवी संस्था और जन सहभागिता से कुल 21 लाख से अधिक दीपों से काशी रोशन हुई। यह पहला मौका है,जब इस अलौकिक, अद्भुत और अविस्मरणीय क्षण को कई देशों के राजनयिकों ने अपनी आँखों के समक्ष देखा। इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की।

देव दीपावली का भव्य कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में किया गया। इस अवसर पर 8 से 10 लाख पर्यटक काशी पहुँचे। जिसमें 70 देशों के राजदूत और 150 डेलीगेट्स और उनके परिवारजन भी सम्मिलित हुए। पर्यटन अधिकारी ने बताया कि काशी के धनुषाकार 85 घाटों पर जब 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए,तो यह दृश्य ऐसा लग रहा था मानो आकाशगंगा के सितारे जमीं पर उतर आए हों। पूरी काशी दीपों की रोशनी में नहाई दिख रही थी। काशी की धरती पर देवताओं का स्वागत शंखनाद, भव्य महाआरती और घंट-घड़ियालों की ध्वनि से किया गया। लेजर शो का आयोजन काशी के चेत सिंह घाट पर किया गया। पौराणिक काशी और भगवान शिव के चित्रात्मक जानकारी साउंड एंड लाइट शो विद प्रोजेक्शन शो के माध्यम से चेत सिंह घाट पर प्रदर्शित किया गया। इसे सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। गंगा पार क्रैकर्स शो का अद्भुत नजारा दिखा। लोगों ने काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार रेत पर ग्रीन आतिशबाजी का भी जमकर आनंद उठाया।

आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। मेहमानों के साथ क्रूज़ पर सवार मुख्यमंत्री ने देव दीपावली की मनोरम दृश्य का लुत्फ़ उठाया ।

रामलला को समर्पित करते हुए दशाश्वमेध घाट की महाआरती की गई। जितने भी भक्त यहाँ उपस्थित हुए थे,उन्हें रामलला व राम मंदिर की झलक देखने को मिली। साथ ही देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति भी बनाई गई और ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से भारत के अमर वीर योद्धाओं को सम्मानित भी किया गया।

नारी शक्ति का संदेश देते हुए दशाश्वमेध घाट पर ऋद्धि-सिद्धि के रूप में 21 अर्चक व 51 देव कन्याओं ने माँ गंगा की पूजा-आरती की।

घाटों पर किया गया महाआरती का लाइव टेलीकास्ट शहर के छह प्रमुख स्थानों पर किया गया। देव दीपावली पर काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को 11 क्विंटल फूलों से सजाया गया। इसी प्रकार से उद्घाटन के समय भी काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को सजाया गया था। देव दीपावली के शुभ अवसर पर जितने भी पर्यटकों और श्रद्धालु यहाँ उपस्थित हुए थे,उनके सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *