चेन्नई,5 मार्च (युआईटीवी)- बेंगलुरु कैफे विस्फोट मामले की जाँच के तहत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) मंगलवार को तमिलनाडु में दो स्थानों चेन्नई और कुड्डालोर में छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक,मंगलवार सुबह एनआईए की छापेमारी तमिलनाडु,कर्नाटक सहित देश के कई अन्य स्थानों पर शुरू हुई।
बेंगलुरु सेंट्रल जेल में लश्कर-ए-तैयबा के दक्षिण भारतीय कमांडर थडियानटविडा नसीर,जो द्वारा आजीवन कारावास का दोषी है के द्वारा कुछ युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी के बाद एनआईए ने अपनी जाँच में तेजी ला दी है। क्योंकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल में प्रशिक्षण दिए जाने वालों में से कई युवा अब जेल से बाहर हैं,जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि देश में आतंकवादी हमले करने के लिए उन युवाओं को उकसाया गया है। बताया जा रहा है कि परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में कई आरोपी आतंकवादी रहते हैं,जिसके कारण यह कट्टरपंथ का केंद्र बन गया है।
एनआईए सूत्रों के मुताबिक, इन युवाओं पर विशेष रूप से रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट की जाँच केंद्रित है। तमिलनाडु के कुड्डालोर और चेन्नई से भी इन में से कुछ के तार जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।
यह बम ब्लास्ट बेंगलुरु के आईटी हब व्हाइटफील्ड में रामेश्वरम कैफे में 1 मार्च को हुआ था। इस कम तीव्रता वाले विस्फोट में होटल कर्मचारियों और ग्राहकों सहित कम-से-कम 10 लोग घायल हो गए थे।
