रोम, 4 अक्टूबर (युआईटीवी)- इटली के शहर वेनिस के पास एक बस फ्लाईओवर के नीचे गिर गई। जिसके बाद उस बस में आग लग गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत होने की संभावना जताई जा रही है और कई लोगों के घायल होने की भी खबर है ।
बताया जा रहा है कि मेस्त्रे में एक बैरियर को तोड़ते हुए बस आगे बढ़ती है और रेलवे ट्रैक के पास जाकर गिर जाती है। एक पुल की सहायता से यह रेलवे ट्रैक वेनिस से जुड़ा हुआ है। इस बस दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के बारे में जानकारी देते हुए सिटी प्रीफेक्ट मिशेल डि बारी ने कहा कि मरने वालों में पाँच यूक्रेनी नागरिक,एक इटैलियन और एक जर्मन ड्राइवर सम्मिलित हैं। इस बस दुर्घटना को बहुत बड़ी त्रासदी बताते हुए वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने अपना दुःख व्यक्त किया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि 12 से 40 लोगों के करीब व्यक्ति घायल हैं। जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा बताया जा रहा है कि इस हादसे में अन्य कई लोग लापता भी हुए हैं,जिनकी अभी तक कुछ जानकारी नहीं है।
वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने इस दुर्घटना के बारे में बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि, ‘ विनाश का एक ऐसा दृश्य है,जिसे बयां करने के लिए कोई शब्द नहीं है। ‘ इस बस के बारे में बताया जा रहा है कि पर्यटकों को एक कैंपसाइट ले जाने के लिए बस को किराए पर लिया गया था। यह कैंपसाइट वेनिस और पास के मार्घेरा जिले में स्थित है। यह घटना स्थानीय समयानुसारा करीब 7:45 बजे के करीब हुई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि मीथेन गैस से बस को ऑपरेट किया जा रहा था और जब यह दुर्घटनाग्रस्त हुई तो बिजली के तारों के चपेट में आने से उसमें आग लग गई।
जहाँ इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या अभी 21 बताई जा रही है,वहीं यह भी बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या अभी भी बढ़ सकती है। जितने लोग इस हादसे में घायल हुए हैं,उनका क्षेत्रीय अस्पतालों में इलाज किया जा रहा रहा है।

इस हादसे में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा कि घटनाक्रम पर करीब से नजर रखी जा रही है। इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो को फ़ोन कर अपना दुःख भी जाहिर किया है।
वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि ” हमारे समुदाय में आज शाम एक बड़ी त्रासदी हुई।” साथ ही उन्होंने इस बस दुर्घटना में मरने वाले लोगों के लिए आधिकारिक शोक का आह्वान भी किया। साथ ही उन्होंने इस हादसे को “एक सर्वनाशकारी दृश्य” भी बताया।
सोशल मीडिया पर वेनिस शहर की ओर जानकारी दी गई कि वेम्पा ओवरपास को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जहाँ यह बस दुर्घटना जैसी भयावह त्रासदी हुई है। पुलिस तथा फायरफाइटर वहाँ घायलों की मदद करने,जिन्दा बचे लोगों की खोज करने और स्थिति का अवलोकन करने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।
