ट्रेडोस अधानोम गेब्रेसियस

सभी देश मिलकर काम करे तो कोरोना को 2022 में परास्त किया जा सकता है : गेब्रेसियस

जिनेवा, 1 जनवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- विश्व स्वास्थ्य संगठन(डब्ल्यूएचओ) प्रमुख ट्रेडोस अधानोम गेब्रेसियस ने कहा है कि अगर सभी देश मिलकर काम करें तो उन्हें उम्मीद है कि कोरोना को वर्ष 2022 में हराया जा सकता है। बीबीसी ने बताया कि उन्होंने नववर्ष के अपने संदेश में सभी देशो को “संकीर्ण राष्ट्रवाद और वैक्सीन की जमाखोरी ” से बचने का आह्वान करते हुए कहा कि गरीब देशों को भी कोरोना वैक्सीन भेजी जानी चाहिए और वैक्सीन वितरण में हो रही असमानता से इस विषाणु से लड़ने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। “

उन्होंने कहा कि संकीर्ण राष्ट्रवाद और वैक्सीन के भंडार को अपने तक सीमित करने की कुछ देशों की प्रवृति ने ओमिक्रोन के फैलने के लिए सकारात्मक माहौल बना दिया है और जितने दिन भी इस तरह वैक्सीन वितरण असंतुलन रहेगा ,वह इसके प्रसार को और बढ़ाएगा।

श्री ग्रेब्रेसियस ने कहा कि अगर हम वैक्सीन वितरण असमानता को दूर करते हैं तो हम इस महामारी को समाप्त कर सकते हैं।

गौरतलब है कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के मामलों में 22,775 की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है और 406 लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 4,81,486 हो गई है। कोरोना का सक्रिय केसलोड बढ़कर 1,04,781 हो गया है जो देश में कुल पॉजिटिव मामलों का 0.30 प्रतिशत है।

देश में ओमिक्रोन के मामलों की संख्या 1,431 हो गई है और इनमें से 488 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। देश के 23 राज्यों में ओमिक्रोन के मामले दर्ज किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *