आग

दिल्ली के नरेला में फैक्ट्री में लगी भीषण आग,तीन लोगों की हुई मौत,छह घायल

नई दिल्ली,8 जून (युआईटीवी)- दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक दाल फैक्ट्री में बीती रात भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं,जिसकी जानकारी शनिवार को अधिकारियों ने दी। जो लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं,उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में आग एक पाइपलाइन में गैस लीक होने के कारण फैल गई। इससे कंप्रेसर गर्म हो गया और विस्फोट हो गया। मरने वालों की पहचान बीरपाल (42),राम सिंह (30) और श्याम (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक,पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) से नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में शनिवार तड़के 3:35 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। साथ ही इस आग में कुछ लोगों के फँसे होने की भी सूचना दी गई।

पुलिस उपायुक्त (आउटर नॉर्थ) आर. के. सिंह ने बताया कि जब पुलिस की टीम श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर पहुँची,तो देखा कि फैक्ट्री को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। कुल नौ पीड़ितों को इस आग से बचाकर नरेला के आरएचसी अस्पताल ले जाया गया। तीन पीड़ितों को आरएचसी अस्पताल पहुँचने पर मृत घोषित कर दिया गया।

घायलों के बारे में डीसीपी ने बताया कि छह घायलों में से पाँच को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिसमें लालू (32),पुष्पेंद्र (26),मोनू (25),मोहित कुमार (21) और आकाश (19) शामिल हैं। वहीं छठे घायल रवि कुमार (19) को मामूली चोटें आई हैं। फैक्ट्री के मालिक के बारे में डीसीपी ने कहा कि अंकित गुप्ता और विनय गुप्ता जो रोहिणी निवासी हैं,वे इस फैक्ट्री के मालिक हैं। प्रारंभिक जाँच किए जाने पर पता चला कि फैक्ट्री में गैस बर्नर पर कच्चे मूँग को भूना जाता है,जिस क्रम में पाइपलाइन में से एक पर गैस लीक होने से आग फैल गई। पुलिस इस मामले की जाँच में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *