नई दिल्ली,16 जनवरी (युआईटीवी)- 2023 में वैश्विक स्मार्टफोन बाजार में एप्पल ने सैमसंग से शीर्ष स्थान छीनकर अग्रणी बन गई है। मंगलवार को एक रिपोर्ट में जानकारी दी गई कि वैश्विक स्मार्टफोन उद्योग में 2023 में पहली बार एप्पल ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। बाजार में कंपनी की 20.1 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई है।
सैमसंग वैश्विक स्मार्टफोन उद्योग में वर्षों से शीर्ष स्थान पर काबिज रहा है,लेकिन अब वह दूसरे स्थान पर खिसक गया है। बाजार में सैमसंग का 19.5 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई है।
इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) की रिपोर्ट के मुताबिक,2023 में वैश्विक स्मार्टफोन शिपमेंट में गिरावट देखा गया है। यह 3.2 प्रतिशत घटकर 1.17 बिलियन यूनिट रह गई।
आईडीसी की वर्ल्डवाइड ट्रैकर टीम के अनुसंधान निदेशक नबीला पोपल ने वैश्विक स्मार्टफोन बाजार में एप्पल के अग्रणी कंपनी बनने पर कहा कि, ” 2023 में शीर्ष 3 में से एप्पल एकमात्र ऐसा खिलाड़ी है,जिसने सालाना सकारात्मक वृद्धि दिखाते हुए,पहली बार सालाना नंबर 1 का स्थान हासिल किया है।”
बढ़ती नियामक चुनौतियों का एप्पल ने सामना किया। एप्पल ने चीन में हुआवेई से प्रतिस्पर्धा कर यह उपलब्धि हासिल करने में कामयाबी प्राप्त की है। चीन को वैश्विक स्मार्टफोन का सबसे बड़े बाजार माना जाता है।
नबीला पोपल ने कहा कि, “प्रीमियम उपकरणों के बढ़ते चलन के कारण एप्पल ने यह सफलता और लचीलापन हासिल किया है। यह अब बाजार का 20 प्रतिशत से अधिक का प्रतिनिधित्व करता है।
स्मार्टफोन बाजार के भीतर प्रतिस्पर्धा की तीव्रता को बाजार के शीर्ष पर रैंकिंग में समग्र बदलाव और अधिक उजागर करता है।
आईडीसी के वर्ल्डवाइड मोबिलिटी और कंज्यूमर डिवाइस ट्रैकर्स के समूह उपाध्यक्ष रयान रीथ ने कहा कि, “सैमसंग की रैंक में गिरावट में एप्पल ने वास्तव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है,किन्तु समग्र एंड्रॉइड स्पेस अपने आप में विविध होता जा रहा है।” रिपोर्ट में बताया गया कि वैश्विक स्तर पर चीनी ब्रांड शाओमी 12.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर है।
