हरभजन सिंह

हरभजन की फटकार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल ने सिख समुदाय से माँगी माफी

नई दिल्ली,12 जून (युआईटीवी)- भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल द्वारा भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बारे में किए गए विवादास्पद टिप्पणी के बाद फटकार लगाई है,जिसके बाद कामरान अकमल ने सार्वजनिक रूप से माफी माँगी है। सोशल मीडिया पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल को उनके किए गए विवादास्पद टिप्पणी के बाद व्यापक रूप से आक्रोश का सामना करना पड़ा था। अकमल द्वारा किए गए टिप्पणियों को एआरवाई न्यूज पर पैनल चर्चा के दौरान अपमानजनक और अनुचित माना गया,जिसके कारण कड़ी प्रतिक्रियाएँ मिलीं। उनकी टिप्पणी के लिए भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने उन्हें आड़े हाथों लिया था।

टी 20 विश्व कप 2024 में भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच के दौरान अकमल की अर्शदीप के धर्म के बारे में की गई टिप्पणी पर विवाद हो गया। अर्शदीप सिंह जब मैच के दौरान अंतिम ओवर फेंक रहे थे,तो अकमल ने यह टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अकमल की टिप्पणी वाली वीडियो हरभजन सिंह ने पोस्ट की है,जिसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि कुछ भी हो सकता है…12 बज गए हैं। सिख समुदाय के प्रति इस टिप्पणी को अपमानजनक माना गया।

अकमल की इन टिप्पणियों के लिए हरभजन सिंह ने उनकी आलोचना की और एक्स पर हरभजन ने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए लिखा,लाख दी लानत तेरे कमरान अकमल..अपना गंदा मुँह खोलने से पहले आपको सिखों का इतिहास जानना चाहिए। आपकी माताओं और बहनों को जब आक्रमणकारियों ने अगवा कर लिया था,तब हम सिखों ने उन्हें बचाया था। समय हमेशा 12 बजे का था। आपको तो शर्म आनी चाहिए… कुछ आभार मानिए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अकमल ने इस प्रतिक्रिया के जवाब में माफ़ी माँगी है। एक्स पर अकमल ने एक पोस्ट में कहा कि अपनी हालिया टिप्पणियों के लिए मुझे गहरा खेद है। मैं पूरी ईमानदारी से हरभजन सिंह और सिख समुदाय से माफी माँगता हूँ। मैंने जो कहा वह अनुचित और अपमानजनक थे। दुनिया भर के सिखों का मैं बहुत सम्मान करता हूँ और मेरा इरादा किसी को ठेस पहुँचाने का नहीं था। सच में मैं माफी चाहता हूँ। अपने पोस्ट के साथ उन्होंने सम्मान और हैशटैग माफी लिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *