अमेरिका में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात (तस्वीर क्रेडिट@mukutchauhan81)

अमेरिका में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात,न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आपातकाल घोषित

न्यूयाॅर्क,15 जुलाई (युआईटीवी)- अमेरिका के उत्तर-पूर्व और मिड-अटलांटिक क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। न्यूयॉर्क शहर और उत्तरी न्यू जर्सी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर फिल मर्फी ने सोमवार देर रात राज्य में आपातकाल की घोषणा कर दी और लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

गवर्नर फिल मर्फी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा,“राज्य के कुछ हिस्सों में अचानक आई बाढ़ व भारी बारिश के वजह से आपातकाल की घोषणा कर रहा हूँ। कृपया सुरक्षित रहें और आवश्यक सावधानियाँ बरतें।”

उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि इस दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थिति के सुधरने तक घरों में ही रहें। आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया है और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सहायता के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं।

राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) ने न्यूयॉर्क शहर के सभी पाँच प्रमुख इलाकों—मैनहट्टन,ब्रोंक्स,ब्रुकलिन,क्वींस और स्टेटन आइलैंड में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। सोमवार शाम तक स्टेटन आइलैंड में 1.67 इंच और मैनहट्टन के चेल्सी क्षेत्र में 1.47 इंच बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने बारिश के रात भर जारी रहने का अनुमान लगाया है। उनका कहना है कि रात भर बारिश के होने से अचानक बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है।

न्यूयॉर्क सिटी इमरजेंसी मैनेजमेंट विभाग ने खासतौर पर बेसमेंट अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि अचानक आने वाली बाढ़ में बेसमेंट अपार्टमेंट सबसे अधिक प्रभावित होते हैं,इसलिए लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें।

अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार रहें। उन्हें फोन,टॉर्च और आवश्यक सामानों से भरा बैग तैयार रखने और किसी भी समय ऊँचे स्थान पर जाने के लिए तैयार रहने की हिदायत दी गई है।

बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात बाधित हुआ है और कई जगहों पर वाहन फँस गए हैं। न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आपातकालीन सेवाओं की टीमें पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू और राहत कार्यों के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं के निर्देशों का पालन करें।

भारी बारिश और बाढ़ की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति से लोगों को घरों में कैद रहना पड़ रहा है। सार्वजनिक परिवहन सेवाएँ भी बाधित हो रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार,अगर बारिश की तीव्रता ऐसे ही बनी रही,तो आने वाले घंटों में स्थिति और बिगड़ सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि लोगों को फिलहाल पूरी सावधानी बरतनी होगी। रात के समय अचानक आने वाली बाढ़ से सबसे अधिक खतरा है,इसलिए लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर स्थिति और बिगड़ती है,तो प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा।