नई दिल्ली,22 मई (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मौजूदा लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश में बस्ती में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उसके बाद श्रावस्ती में दोपहर 2:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी एक और रैली को संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में शाम छह बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज तीन सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे,साथ ही उनका एक रोड शो का भी कार्यक्रम है। कांठी में सुबह 11 बजे,घाटल में दोपहर 12:30 बजे और पुरुलिया में दोपहर 2:30 बजे वे एक और जनसभा करेंगे। बांकुरा में वे शाम चार बजे लाल बाजार चौक से चक बाजार तक एक रोड शो करेंगे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तीन सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके तहत उत्तर 24 परगना में दोपहर 12:50 बजे एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे,तो कोलकाता उत्तर (कोलकाता जिला) में दोपहर तीन बजे दूसरी और कोलकाता दक्षिण (कोलकाता जिला) में शाम चार बजे तीसरी सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से ‘इंडिया’ ब्लॉक और कांग्रेस के उम्मीदवार उदित राज के समर्थन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शाम छह बजे भलस्वा डेयरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
उदयराज वर्मा सुल्तानपुर से बहुजन समाज पार्टी के ओर से लोकसभा चुनाव 2024 के प्रत्याशी हैं,उनके समर्थन में दोपहर 12 बजे बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
पूर्वी चंपारण के चिरैया में दोपहर तीन बजे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी संयुक्त रूप से एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश में बीआरपी इंटर कॉलेज,जौनपुर में दोपहर तीन बजे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे।
आज़मगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सपा और ‘इंडिया’ ब्लॉक के संयुक्त उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव के समर्थन में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे।
बिलरियागंज थाने के पास बाघेला मैदान में दोपहर 12:30 बजे और सिधारी थाने के पास बेहटौलिया तिराहा मैदान में दोपहर दो बजे अखिलेश यादव एक-एक जनसभा को संबोधित करेंगे और आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से धर्मेंद्र यादव के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं से निवेदन करेंगे।
हरियाणा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। चरखी दादरी में वह दोपहर 12 बजे भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करने हेतु एक सार्वजनिक बैठक करेंगे। सोनीपत की अनाज मंडी में वह दोपहर 1:30 बजे एक और सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। बाद में उनका कार्यक्रम इंद्र धनुष सभागार,मुख्य हॉल,सेक्टर-5,पंचकुला में अपराह्न 3:45 बजे संविधान सम्मान सम्मेलन’ में हिस्सा लेने का है।
हरियाणा के भिवानी में रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
जौनपुर में सुबह 9:30 बजे उत्तर प्रदेश के मख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। बस्ती में दोपहर 12:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जनसभा में वह मौजूद होंगे। जौनपुर में दोपहर 1:55 बजे और सुल्तानपुर में 3:05 बजे उनकी रैलियाँ हैं। सिद्धार्थनगर में शाम 4:35 बजे तथा बलरामपुर में शाम सात बजे वह रैलियाँ करेंगे।