दिल्ली में 49 डिग्री तापमान

दिल्ली में 47 डिग्री तापमान के बीच डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी

नई दिल्ली,21 मई (युआईटीवी)- दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पिछले चार दिन से राजधानी में हीट वेव चल रही है,जिससे लोग परेशान हैं। लोग हीट वेव से बीमार हो रहे हैं और इलाज कराने के लिए सर गंगाराम अस्पताल,लोकनायक अस्पताल,आरएमएल अस्पताल और स्वामी दयानंद अस्पताल पहुँच रहे हैं। लोकनायक अस्पताल में आपातकालीन विभाग की उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ऋतु सक्सेना ने बताया कि डायरिया,उल्टी,तेज बुखार से पीड़ित कई मरीज अस्पताल में आ रहे हैं। गर्मी में खानपान और लू लगने से ऐसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं।

उन्होंने बताया कि लोगों को लू लगने के बारे में आमतौर पर पता नहीं चल पाता है,लेकिन जब उन्हें उल्टी,दस्त,तेज बुखार जैसी समस्या होती है और उन्हें राहत नहीं मिलता है,तब वे जाँच करवाने के लिए अस्पताल आते हैं। लोगों को हीट वेव से बचने की कोशिश करनी चाहिए।

ऐसी स्थिति में सावधानी बरतने के बारे में डॉक्टरों ने जानकारी दी। दिल्ली में अगले सात दिनों तक लू चलने की चेतावनी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जारी की है। 25 मई तक लू चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की जानकारी दी गई है। दिल्ली और उसके आसपास का अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। नजफगढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस था। इसको देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।

पंजाब,हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गंभीर हीटवेव रेड अलर्ट भी जारी किया है। आने वाले दिनों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बने रहने के बारे में बताया गया है। जिसके चलते डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। लंबे समय तक उच्च तापमान के संपर्क में रहने से हीट स्ट्रोक हो सकता है।

सर गंगा राम अस्पताल में आंतरिक चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ सलाहकार और प्रमुख संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल गोगिया ने कहा कि गर्मी में लम्बे समय तक अत्यधिक उच्च तापमान के संपर्क में आने से हीट स्ट्रोक हो सकता है। इसके अलावा डिहाइड्रेशन और पानी की कमी से होने वाली बीमारियाँ भी सामने आ रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान का असर हर किसी पर होता है,लेकिन गर्मी की बीमारी का खतरा बच्चों और उम्रदराज लोगों में सबसे अधिक होता है।

इस बीच,बढ़ती गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूलों में छुट्टी कर दी है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान हल्के कपड़े पहने,घर के अंदर रहे,अधिक-से-अधिक पानी पीएँ,संतुलित भोजन का सेवन करें और बाहर के भोजन खाने से बचे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *