प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी,भारत-ब्रिटेन के संबंधों पर चर्चा की

नई दिल्ली,6 जुलाई (युआईटीवी)- ब्रिटेन के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। पीएम मोदी ने उन्हें भारत की यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। दोनों नेताओं ने फोन पर बात की और भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की दिशा में काम करने पर दोनों देशों के नेताओं ने पारस्परिक रूप से सहमति जताई।

स्टार्मर को पीएम मोदी ने आम चुनावों में जीत हासिल करने पर बधाई दी।हाल ही में ब्रिटेन में हुए आम चुनाव में 650 सीटों में से 412 सीटों पर कब्जा जमा कर लेबर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और सत्ता में 14 साल बाद वापसी की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने पोस्ट कर बताया कि कीर स्टार्मर से बात करके खुशी हुई। यूके का प्रधानमंत्री चुने जाने पर कीर स्टार्मर को पीएम मोदी ने बधाई दी और कहा कि हम अपने लोगों की प्रगति और समृद्धि तथा वैश्विक भलाई के लिए व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत भारत-यूके आर्थिक संबंधों को गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दोनों नेताओं ने दोनों देशों के मध्य के ऐतिहासिक संबंधों को याद किया और भारत-यूके के बीच की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक गहरा करने व आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान के माध्यम से भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय समुदाय ने ब्रिटेन के आर्थिक,सामाजिक तथा राजनीतिक विकास में सकारात्मक योगदान दिया है। दोनों देशों के नेताओं ने एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *