नॉर्थम्प्टन, 10 अगस्त (युआईटीवी)- भारत के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 244 रनों की विशाल पारी खेलने के बाद कहा कि मैं यह नहीं सोच रहा कि भारतीय चयनकर्ता क्या सोच रहे होंगे। पृथ्वी शॉ ने काउंटी ग्राउंड में समरसेट के खिलाफ एकदिवसीय मैच में नॉर्थम्पटनशायर के लिए 244 रन बनाकर कई लिस्ट ए रिकॉर्ड तोड़ दिए।
पृथ्वी शॉ ने समरसेट के खिलाफ 153 गेंदों में 244 रनों की विशाल पारी खेली जिसमें 28 चौके और 11 छक्के शामिल थे।
पृथ्वी शॉ की बड़ी पारी की बदौलत नॉर्थम्पटनशायर ने 8 विकेट पर 415 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर 87 रन से जीत हासिल की।
पृथ्वी शॉ की पारी किसी भी लिस्ट ए मैच में छठा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
पृथ्वी शॉ नॉर्थम्पटनशायर के लिए पिछली दो पारियों में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल पाए और केवल 34 और 26 रन ही बना सके।
बुधवार को उन्होंने समरसेट के खिलाफ 81 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और फिर गियर बदलते हुए सिर्फ 129 गेंदों में अपना दूसरा शतक पूरा किया।
मैच के बाद शॉ ने कहा, निश्चित रूप से यहां खेलने से मुझे अनुभव मिलेगा। लेकिन गंभीरता से मैं इस बारे में कुछ नहीं सोच रहा हूं कि भारतीय चयनकर्ता क्या सोच रहे हैं, मैं सिर्फ यहां अच्छा समय बिताना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए अच्छा खेलना चाहता हूं।
