मुंबई,9 अक्टूबर(युआईटीवी)- सनी देओल ने बेटे राजवीर देओल की डेब्यू फिल्म ‘दोनों ‘ के बाद नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके इस प्रतिक्रिया पर बोला जा रहा है कि पिता सनी देओल अपने बेटे राजवीर देओल का बचाव कर रहे हैं।
हाल ही में सनी देओल के छोटे बेटे राजवीर देओल की डेब्यू फिल्म ‘दोनों ‘ आई। अब इस पर लोग नेपोटिस्म का आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच सनी देओल ने नेपोटिस्म पर अपना बयान दिया और कहा कि ” हर पिता अपने बेटे की सफलता देखना चाहता है। नेपोटिस्म शब्द का प्रयोग निराश लोग करते हैं। लोग नेपोटिस्म के बारे में बात करते रहते हैं और मैं सोचता था कि ये भी क्या है ? फिर बाद में इस पर मैंने गंभीरता से विचार किया कि बाप अपने बच्चे के लिए नहीं करता,तो किसके लिए करता है ? ये बात मुझे समझ में नहीं आती,चाहे जिस भी क्षेत्र में हो। चाहे वह अभिनय का क्षेत्र हो,चाहे जो भी क्षेत्र हो। हर पिता यही सोचता है कि अपने बच्चे की ज़िन्दगी को आरामदायक कैसे बनाया जाए।”

आगे वे कहते हैं कि “यह नेपोटिस्म शब्द ज्यादातर उन लोगों द्वारा प्रयोग किया जाता है-जिनकी कोई गलती नहीं है। लेकिन वे किसी भी चीज में सफलता हासिल नहीं करने के वजह से हताश और निराश हैं। इसलिए वे अपनी हताशा और निराशा जताने के लिए इस नेपोटिस्म शब्द का प्रयोग करते हैं। जबकि इस शब्द का कोई मतलब नहीं है। मेरे पिता ने अपनी एक अलग पहचान बनाई,आज जो कुछ भी मैं हूँ या बॉबी हैं या अभय है। वह हमारी अपनी पहचान के वजह से है। बेशक अब मुझे यह पता है कि पिता होने का क्या मतलब होता है। मेरे पिता को मेरे लिए कैसा महसूस होता होगा। एक पिता का दर्द और एक पिता का डर क्या है। लेकिन मेरे बेटे राजवीर का सफर अपना सफर है।”

इस मुद्दे पर बहस की शरुआत तब से हुई है,जब ‘कॉफ़ी विथ करण’ शो पर कंगना रनौत ने करण जौहर को टारगेट करते हुए नेपोटिस्म का मुद्दा उठाया था। तब से लेकर आज तक न जाने कितने लोग अपनी बात रख चुके हैं और अभी भी ये मुद्दा बना हुआ है।
फिल्म ‘दोनों’ भारतीय हिंदी भाषा की रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म को सूरज आर. बड़जात्या के बेटे अवनीश एस. बड़जात्या ने निर्देशित किया है। इसे राजश्री प्रोडक्शंस और जियो स्टूडियोज द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित किया गया है। इस फिल्म से जहाँ सनी देओल के बेटे राजवीर देओल और पूनम ढिल्लों की बेटी पलोमा ढिल्लों डेब्यू कर रहे हैं तो वहीं सूरज आर. बड़जात्या के बेटे अवनीश एस. बड़जात्या का भी यह डेब्यू फ़िल्म है। फिल्म ‘दोनों’ 5 अक्टूबर 2023 को रिलीज हुई थी।
