भारतीय चुनाव आयोग

भारतीय चुनाव आयोग ने पाँच राज्यों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की,7 नवंबर को मतदान शुरू, 3 दिसंबर को होगी गिनती

नई दिल्ली,9 अक्टूबर(युआईटीवी)- आज भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने पाँच राज्यों में आने वाले हफ्तों में विधान सभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की। मिजोरम,छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश,राजस्थान और तेलंगाना राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की है। 7 नवंबर से छत्तीसगढ़ और मिजोरम में चुनाव शुरू होंगे। छत्तीसगढ़ में मतदान दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा। वहीं 17 नवंबर को मध्य प्रदेश में मतदान होगा। राजस्थान में मतदान 23 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा। 3 दिसंबर को सभी राज्यों की मतगणना होगी।

इसी बीच आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए आज कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों ने एक बैठक बुलाई। कांग्रेस ने अभी तक इन राज्यों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और तेलंगाना के जनता से वायदा किया है कि यदि उनकी सरकार सत्ता में आती है,तो वहाँ के लोगों को बिजली,सार्वजनिक परिवहन इत्यादि की मुफ्त सुविधाएँ प्रदान करेगी।

बिहार के नक्शेकदम पर चलते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जहाँ राजस्थान में जाति सर्वेक्षण की घोषणा की है,तो वहीं छत्तीसगढ़ में जाति सर्वेक्षण कराने की भी घोषणा प्रियंका गांधी ने की है। प्रियंका गांधी ने घोषणा की है कि यदि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आएगी तो वहाँ जाति सर्वेक्षण करवाया जाएगा।

आगामी चुनाव के बारे में मध्य प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगी। उनकी इस घोषणा से उनकी शिवपुरी सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया के चुनाव लड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के भतीजे हैं। यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समय बीत चुका है और अब नई पीढ़ी को आगे आने का समय आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *