ईरान में आतंकवादियों ने 6 सीमा सुरक्षाबलों की हत्या की

तेहरान, 22 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)| दक्षिण-पूर्वी सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत के सरवन काउंटी में आतंकवादियों ने सीमा सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जिसमें छह ईरानी सीमा सुरक्षाबल मारे गए। ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने तसनीम के हवाले से कहा कि आतंकवादियों ने पांच सीमा रक्षकों (सुरक्षाबलों) को घटनास्थल पर ही मार दिया और एक अन्य ने बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए 6 सीमा रक्षकों की पहचान होसैन बादामाकी, अली गनी बटादबीर, रेजा बोरजी, मोहम्मद जमालजादेह, यूनुस सेफिनेजाद और नासिर हेदारी के रूप में हुई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकवादी टीम के सदस्य दक्षिण-पूर्वी सीमा के माध्यम से देश में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्होंने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। हालांकि, सुरक्षाबल उन्हें देश में प्रवेश करने से रोकने में कामयाब रहे।

हालांकि, सुरक्षाबलों की कार्रवाई से आतंकी घटनास्थल से भाग गए। रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों की पहचान जैश अल-जुल्म समूह के सदस्यों के रूप में की गई।

शमसाबादी ने कहा कि आतंकवादियों ने सीमा पार कर देश में प्रवेश करने के लिए सीमा पुलिस स्टेशन पर हमला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *