मुंबई,15 जुलाई (युआईटीवी)- इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला ने मंगलवार को भारत में अपनी पहली कार मॉडल वाई लॉन्च कर दी है। यह कार दो वर्जन- रियर-व्हील ड्राइव (आरडब्ल्यूडी) और लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी में उपलब्ध होगी। भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती माँग को देखते हुए टेस्ला का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
टेस्ला मॉडल वाई के आरडब्ल्यूडी वर्जन की शुरुआती कीमत भारत में 59.89 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) रखी गई है,जबकि लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी वर्जन की कीमत 67.89 लाख रुपए होगी।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मॉडल वाई की शुरुआती कीमत की तुलना में भारत में यह काफी महँगा है। अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत 44,990 डॉलर,चीन में 263,500 युआन,जर्मनी में 45,970 यूरो है।
भारत में किसी भी फेडरल टैक्स प्रोत्साहन से पहले इसकी कीमत अमेरिका की मूल कीमत से लगभग 15,000 डॉलर अधिक है। यह अंतर आयात शुल्क और टैक्स संरचना के कारण है।
शुरुआत में यह कार केवल तीन प्रमुख शहरों – मुंबई,दिल्ली और गुरुग्राम में उपलब्ध होगी। टेस्ला की योजना है कि इस साल की तीसरी तिमाही से इसकी डिलीवरी शुरू कर दी जाएगी।
टेस्ला मॉडल वाई की रेंज और चार्जिंग क्षमता इसे भारतीय बाजार में खास बनाती है। आरडब्ल्यूडी वर्जन की रेंज एक बार फुल चार्ज में 500 किमी,लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी वर्जन की रेंज एक बार फुल चार्ज में 622 किमी है। चार्जिंग क्षमता इसे और भी आकर्षक बनाती है।
आरडब्ल्यूडी ट्रिम 15 मिनट में 238 किमी तक की रेंज,लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी ट्रिम 15 मिनट में 267 किमी तक की रेंज देगी।
टेस्ला मॉडल वाई भारतीय बाजार में सिर्फ रेंज ही नहीं बल्कि परफॉर्मेंस के लिए भी चर्चा में है। आरडब्ल्यूडी मॉडल 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार 5.9 सेकंड में,लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी मॉडल 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार 5.6 सेकंड में,दोनों वर्जन की अधिकतम गति 201 किमी प्रति घंटा होगी
टेस्ला ने मॉडल वाई को हाई-टेक और लक्जरी इंटीरियर से लैस किया है,जिसमें कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। इस फीचर्स में 15.4-इंच का फ्रंट टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम,8-इंच का रियर टचस्क्रीन,वेंटिलेशन वाली पावर्ड फ्रंट सीटें,पावर्ड टू-वे फोल्डिंग और हीटेड सेकंड-रो सीटें,फुटवेल और डोर पॉकेट एम्बिएंट लाइटिंग,रैप-अराउंड एम्बिएंट लाइटिंग,नौ स्पीकर का प्रीमियम ऑडियो सिस्टम शामिल हैं। ये फीचर्स भारतीय ग्राहकों को प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी का अनुभव देंगे।
टेस्ला का पहला शोरूम और एक्सपीरियंस सेंटर मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में खोला गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसका उद्घाटन किया।
फडणवीस ने इस मौके पर कहा कि, “यह केवल एक एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन नहीं है,बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि टेस्ला मुंबई में आ गई है। मुंबई भारत की न केवल आर्थिक और वाणिज्यिक राजधानी है,बल्कि यह उद्यमशीलता की राजधानी भी है।”
जल्द ही टेस्ला नई दिल्ली में दूसरा शोरूम खोलने की योजना बना रही है। इससे दिल्ली और गुरुग्राम के ग्राहकों के लिए मॉडल वाई की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
टेस्ला का भारत में प्रवेश कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इलेक्ट्रिक वाहन बाजार तेजी से बढ़ रहा है और प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अभी भी पर्याप्त अवसर मौजूद हैं। टेस्ला की विश्वसनीय तकनीक,लंबी रेंज और हाई-टेक फीचर्स इसे इस सेगमेंट में मजबूत स्थिति दिला सकते हैं।
हालाँकि,भारतीय बाजार में टेस्ला को स्थानीय निर्माताओं से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा,जो पहले से ही कम कीमतों में अच्छी रेंज और फीचर्स वाली ईवी पेश कर रहे हैं। इसके अलावा,ऊँची कीमतें और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी टेस्ला के लिए चुनौती बन सकते हैं।
फिर भी,टेस्ला का ब्रांड वैल्यू और प्रीमियम अनुभव इसे भारत में एक खास वर्ग के ग्राहकों के लिए आकर्षक बनाएगा।
