फ्रेंच ओपन में चरम पर आना चाहते हैं जोकोविच

फ्रेंच ओपन में चरम पर आना चाहते हैं जोकोविच

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)- एक महीने के अवकाश के बाद विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच मोंटे कार्लो में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक वापसी करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह फ्रेंच ओपन में चरम पर आना चाहते हैं क्योंकि रौलां गैरो क्ले कोर्ट पर उनका अंतिम लक्ष्य है।

जोकोविच ने 2023 सत्र की शानदार शुरूआत की थी। वह एडिलेड में जीते, ऑस्ट्रेलियन ओपन में जीते और दुबई के सेमीफाइनल में पहुंचे।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ने मार्च के शुरू में दुबई में सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद किसी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है। उन्होंने एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट इंडियन वेल्स और मियामी ओपन में हिस्सा नहीं लिया। उन्हें वेक्सिनेशन दर्जे को लेकर अमेरिका में प्रवेश देने से इंकार किया गया।

जोकोविच ने यूरोस्पोर्ट से कहा, “यह मेरे दिमाग में है कि यह क्ले कोर्ट पर अंतिम लक्ष्य है। मैं अपनी फॉर्म की तैयारी करना चाहता हूं ताकि मैं पेरिस में अपने चरम पर आ सकूं।”

उन्होंने कहा, “इसमें अभी लम्बा सफर है। क्ले कोर्ट सत्र काफी लम्बा होता है आपको हर सप्ताह मजबूत टूर्नामेंट खेलने को मिल सकते हैं। उम्मीद है कि मैं क्ले कोर्ट सत्र की सकारात्मक शुरूआत कर सकता हूं।”

सर्बियाई खिलाड़ी के लिए मोंटे कार्लो उतना सफल नहीं रहा है पिछले वर्ष वह पहले दौर में हार गए थे। हालांकि 2013 और 2015 में उन्होंने यहां खिताब जीते हैं।

35 वर्षीय खिलाड़ी को टूर्नामेंट के दौरान घरेलू एडवांटेज भी मिल सकता है। वह अपने परिवार के साथ मोनाको में रहते हैं और मोंटे कार्लो कंट्री क्लब को अपने ट्रेनिंग बेस के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

22 बार के ग्रेंड स्लैम विजेता को मोंटे कार्लो में पहले राउंड में बाई दी गयी है और दूसरे दौर में उनका मुकाबला क्वालीफायर इवान घाकोव से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *