वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त (तस्वीर क्रेडिट@Surendra21286)

वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त,ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से किया क्लीन स्वीप,वेस्टइंडीज की पूरी टीम जमैका में 27 रन पर ढेर

नई दिल्ली,15 जुलाई (युआईटीवी)- वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला वेस्टइंडीज के लिए बेहद शर्मनाक साबित हुआ। जमैका में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम को जीत के लिए महज 204 रन का लक्ष्य मिला था,लेकिन पूरी टीम सिर्फ 27 रन पर सिमट गई। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करते हुए इतिहास रच दिया।

वेस्टइंडीज का यह प्रदर्शन टेस्ट इतिहास में एक काले अध्याय के रूप में दर्ज हुआ। यह टेस्ट क्रिकेट का दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले,मार्च 1955 में न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 26 रन पर ऑलआउट हुई थी।

वेस्टइंडीज के लिए भी यह सबसे खराब प्रदर्शन में से एक है। इससे पहले मार्च 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ वेस्टइंडीज की टीम 47 रन पर ढेर हुई थी।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक चटकाई। उन्होंने 14वें ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर जस्टिन ग्रीव्स,शमर जोसेफ और जोमेल वारिकन को पवेलियन भेजा।

इसके साथ ही बोलैंड टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले 10वें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए। खास बात यह है कि वह पिंक बॉल टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज भी बन गए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन टीम 143 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी भी खास नहीं रही और पूरी टीम 121 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज की ओर से इस पारी में शमर जोसेफ ने चार विकेट झटके,जबकि अल्जारी जोसेफ ने पाँच विकेट अपने नाम किए।

सिर्फ 204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और सिर्फ 27 रन पर ढेर हो गई। इस पारी में जस्टिन ग्रीव्स एकमात्र बल्लेबाज रहे,जिन्होंने दहाई का आँकड़ा पार किया।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने इस पारी में कहर बरपाते हुए 7.3 ओवर में मात्र 9 रन देकर छह विकेट झटके। स्कॉट बोलैंड ने दो ओवर में दो रन देकर तीन विकेट चटकाए और अपनी हैट्रिक से इतिहास रचा। शेष एक विकेट जोश हेजलवुड के खाते में गया।

ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। पूरी सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला और वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी लाइनअप पूरी तरह असफल रही।