होबार्ट, 21 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- कप्तान क्रेग एर्विन (58) के शानदार अर्धशतक और सिकंदर राजा (40 और 20 रन पर एक विकेट) के हरफनमौला खेल से जिम्बाब्वे ने स्कॉटलैंड को शुक्रवार को ग्रुप बी क्वालीफाइंग मुकाबले में नौ गेंद शेष रहते पांच विकेट से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-12 में जगह बना ली।
स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 132 रन का मामूली स्कोर बनाया जबकि जिम्बाब्वे ने खराब शुरूआत से उबरते हुए 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 133 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। सिकंदर रजा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
जिम्बाब्वे ने ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-12 में जगह बनायी जबकि आयरलैंड दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर-12 में पहुंचा। जिम्बाब्वे और आयरलैंड दोनों ने तीन में से दो-दो जीत हासिल की।
स्कॉटलैंड की तरफ से ओपनर जॉर्ज मंसी ने सर्वाधिक 54 रन बनाये। कैलम मैक्लाओड ने 26 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने अपने तीन विकेट मात्र 42 रन पर गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद एर्विन और सिकंदर रजा ने चौथे विकेट के लिए 64 रन की मैच विजयी साझेदारी की। एर्विन जब पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए तब जिम्बाब्वे का स्कोर 119 रन पहुंच चुका था। मिल्टन शुंबा ने नाबाद 11 और रायन बर्ल ने नाबाद नौ रन बनाकर जिम्बाब्वे को 19वें ओवर में जीत दिला दी।
