लॉस एंजेलिस,5 फरवरी (युआईटीवी)- 66वें ग्रैमी पुरस्कार में अपने सॉन्ग ‘फ्लावर्स’ के लिए सिंगर-सॉन्गराइटर माइली साइरस ने रिकॉर्ड ऑफ द ईयर का सम्मान जीता । ग्रैमी अवार्ड्स के 66वें एडिशन में माइली साइरस ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इससे पूर्व इसी गाने के लिए उन्होंने बेस्ट पॉप सोलो परफॉर्मेंस कैटेगरी की ट्रॉफी जीती थी।
रिकॉर्ड ऑफ द ईयर कैटेगिरी में ओलिविया रोड्रिगो,माइली साइरस,टेलर स्विफ्ट,जॉन बैटिस्ट,बिली इलिश,बॉयजेनियस,विक्टोरिया मोनेट और एसजेडए को नॉमिनेट किया गया था,जिसमें माइली साइरस ने जीत दर्ज की।
माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट एक्स पर रिकॉर्डिंग एकेडमी ने अपने ऑफिशियल हैंडल से विजेता को बधाई देते हुए लिखा कि, “रिकॉर्ड ऑफ द ईयर विनर ‘फ्लावर्स’ माइली साइरस को ग्रैमीज जीतने पर बधाई।”
‘एंडलेस समर वेकेशन’ के लिए रिकॉर्ड, सॉन्ग और एल्बम ऑफ द ईयर जैसी प्रमुख कैटेगिरीज में माइली साइरस को 6 ग्रैमी के लिए नॉमिनेटेड किया गया था। कुल आठ बार उन्हें नॉमिनेटेड किया गया है।
66वां वार्षिक ग्रैमी अवार्ड्स 2024 का आयोजन क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना,लॉस एंजिल्स में हुआ। ट्रेवर नोआ शो के होस्ट हैं। यह बेस्ट रिकॉर्डिंग, कंपोजिशन और आर्टिस्ट को मान्यता देता है।
