मुंबई,4 अक्टूबर (युआईटीवी)- पत्नी श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर बोनी कपूर ने पाँच साल बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा खुलासा किया है। पहली बार श्रीदेवी की मौत के बारे में बोनी कपूर ने बात की और कहा कि उनकी मृत्यु ‘प्राकृतिक’ नहीं बल्कि ‘आकस्मिक’ थी।
24 फरवरी, 2018 को दुबई में श्रीदेवी की मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत की खबर से जहाँ कपूर परिवार शोक में डूब गया,वहीं उनके प्रशंसक ने भी कई दिनों तक उनकी मृत्यु का शोक मनाया था। हालाँकि उस समय बोनी कपूर पर भी कई सवाल उठे। उनपर आरोप लगाए गए और दुर्भावनापूर्ण अफवाहें भी फैलाई गई। इस पर खुलासा करते हुए बोनी कपूर कहते है कि इस मामले में उनसे पूछताछ की गई और लाई डिटेक्टर टेस्ट (झूठ पकड़ने वाला परीक्षण) भी किया गया।

24 फरवरी 2018 को दुबई में मशहूर फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की मृत्यु हो गई थी। उस समय उनकी मृत्यु की खबर एक बड़ी पहेली बनी हुई थी कि आखिर उनका निधन कैसे हुआ? शक के दायरे में कई लोग थे और सभी यह जानना चाहते थे कि आखिर यह हुआ कैसे ?
ऐसे में अब पाँच सालों के बाद बोनी कपूर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए,एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि, श्रीदेवी की मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई। वह दुबई में अपने होटल के कमरे में मृत पाई गईं। दुबई में श्रीदेवी के निधन के बाद वहाँ की पुलिस से क्लीन चिट मिलने से पहले उन्हें लाई डिटेक्टर टेस्ट (झूठ पकड़ने वाला परीक्षण) से गुजरना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि मुझसे करीब 24 से 48 घंटे तक पूछताछ की गई। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें यह सब इसलिए करना पड़ा क्योंकि भारतीय मीडिया का बहुत दबाव था।
