टोरंटो, 14 अक्टूबर (युआईटीवी)- कनाडा के ओंटारियो प्रांत में अक्टूबर महीने की शुरुआत में हिन्दुओं के तीन मंदिरों में तोड़फोड़ की गई और इस तोड़फोड़ में शामिल संदिग्ध फरार हो गए हैं। जिसकी तलाश में कनाडाई पुलिस लगे हुए हैं। एक बयान देते हुए डरहम पुलिस ने कहा कि 8 अक्टूबर की सुबह पिकरिंग और अजाक्स शहरों में सभी चोरी की घटनाएँ कुछ घंटों के अंतराल में हुईं।
निगरानी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की लंबाई पांच फीट नौ इंच के आसपास होगी और लगभग 200 पाउंड उसका वजन होगा।
आरोपी के पहनावा के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि आरोपी हरी ‘कैमो’ कार्गो पैंट,हुड वाली काली जैकेट,हरे रंग के रनिंग जूते और नीले रंग का सर्जिकल मास्क पहने हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने आगे बताया कि अधिकारियों ने पिकरिंग में बेली स्ट्रीट और क्रोस्नो बुलेवार्ड के क्षेत्र में 8 अक्टूबर को लगभग 12:45 बजे एक धार्मिक मंदिर में तोड़फोड़ करने की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने एक धार्मिक मंदिर में तोड़फोड़ कर अंदर प्रवेश किया,जिसकी रिपोर्ट की गई।
आगे उन्होंने बताया कि सुरक्षा निगरानी में देखा गया है कि मंदिर में एक व्यक्ति प्रवेश कर बड़ी मात्रा में दान पेटियों से नकदी निकालता है। जब तक वहाँ पुलिस पहुँचकर उसे पकड़ती,उससे पहले ही वह उस संबंधित क्षेत्र से भाग गया।
पुलिस ने ब्रॉक रोड और डर्सन स्ट्रीट के क्षेत्र में उसके कुछ समय बाद लगभग 1:30 बजे पिकरिंग के एक अन्य मंदिर में तोड़फोड़ करने की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी। उस मंदिर में भी आरोपी तोड़फोड़ कर अंदर प्रवेश किया इस घटना की भी रिपोर्ट की गई। जिसपर प्रतिक्रिया देते हुए मंदिर में रहने वाले ने कहा कि खिड़की तोड़कर एक व्यक्ति द्वारा दान की गई नकदी वाली एक तिजोरी चुराने का प्रयास किया गया।
दान की गई नकदी वाली एक तिजोरी चुराने में तो आरोपी विफल रहा लेकिन पुलिस के गिरफ्त में आने से बच गया। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी वहाँ से रफूचक्कर हो गया। वहॉं की निगरानी फ़ुटेज की छान-बीन की गई। छान-बीन करने पर यह स्पष्ट हो गया कि संदिग्ध व्यक्ति वही पुरुष था,जिसने पहले तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया था।
वही संदिग्ध व्यक्ति बाद में अजाक्स में वेस्टनी रोड साउथ और बेली स्ट्रीट वेस्ट के क्षेत्र में लगभग 2:50 बजे एक धार्मिक मंदिर में घुस गया और वहाँ के एक दान पेटी से बड़ी मात्रा में नकदी चुरा ली।
ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र के कम से कम दो मंदिरों को पिछले महीने भी निशाना बनाया गया था। ब्रैम्पटन में चिंतपूर्णी मंदिर को 9 सितंबर को निशाना बनाया गया था,तो कैलेडॉन में रामेश्वर मंदिर को 18 सितंबर को निशाना बनाया गया था।
फेसबुक (मेटा) पर 22 सितंबर को रामेश्वर मंदिर की ओर से पोस्ट कर एक बयान में कहा कि ” इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति,जो सुरक्षा का उल्लंघन कर ऐसा कृत्य कर रहा है,पुलिस उसे पकड़ने के लिए जाँच कर रही है। हम अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं,ताकि यह मामला तेजी से सुलझाया जा सके और आरोपी जल्द-से-जल्द पुलिस की गिरफ्त में हो। ”
पिछले साल दस दिनों के भीतर आधा दर्जन हिंदू मंदिरों को ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में कथित तौर पर लूट लिया गया था।
