नई दिल्ली,22 मार्च (युआईटीवी)- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के पहले महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर से सबको चौंकाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी छोड़ दी है। आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। टीम को 5 बार चैंपियन बनाने वाले और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर एमएस धोनी ने सीएसके का नया कप्तान युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को बनाने का फैसला लिया है। फ्रेंचाइज़ी ने यह जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दी है। चेन्नई सुपर किंग्स को पिछले ही सीजन में धोनी ने पाँचवीं बार आईपीएल जिताया था।
इससे पहले 2022 के सीजन में भी पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ी थी और उस समय कप्तानी की जिम्मेदारी रवींद्र जडेजा को सौंपी गई थी। लेकिन टीम के लिए उसके नतीजे सही साबित नहीं हुए। जिसके बाद धोनी को बीच सीजन में ही एक बार फिर कप्तानी संभालनी पड़ी थी। सीएसके को धोनी ने अपनी कप्तानी में 2023 सीजन में 5वीं बार चैंपियन बनाया।
गायकवाड़ की सीएसके कप्तान के रूप में नियुक्ति की घोषणा आईपीएल ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया पर भी की,जब कैप्टन फोटोशूट में गायकवाड़ ने हिस्सा लिया और अन्य टीमों के कप्तानों से मुलाकात भी की। ऐसा पहली बार होगा जब आईपीएल में पुणे के गायकवाड़ कप्तान की जिम्मेदारी निभायेंगे।
OFFICIAL STATEMENT: MS Dhoni hands over captaincy to Ruturaj Gaikwad. #WhistlePodu #Yellove
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 21, 2024
दाएँ हाथ के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके टीम के नए कप्तान होंगे,जिनसे सीएसके के प्रशंसक और टीम को काफी उम्मीदें होगी। आईपीएल 2024 का ओपनिंग मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में आरसीबी और सीएसके के बीच खेला जाने वाला है,जिसमें 27 वर्षीय ऋतुराज गायकवाड़ बतौर कप्तान मैदान पर उतरेंगे।
आईपीएल में बतौर कप्तान धोनी के आँकड़े –
सीएसके को धोनी ने पाँच बार ट्रॉफी जीताया।इसके साथ ही सीएसके को 10 बार फाइनल में पहुँचाने का श्रेय भी धोनी को जाता है।टूर्नामेंट में 10 आईपीएल फाइनल खेलने वाले वे इकलौते कप्तान हैं। 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में धोनी की कप्तानी में सीएसके चैंपियन बनी। वहीं उन्होंने टीम को 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 में फाइनल तक पहुँचाया।
अब तक धोनी ने आईपीएल में सीएसके के लिए खेलते हुए 4,957 रन बनाए हैं। सीएसके के लिए सुरेश रैना ने 5000 रन बनाए हैं,जिसे धोनी 43 रन बना कर हासिल कर सकते हैं और सीएसके के लिए 5000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएँगे ।
