नई दिल्ली,27 जुलाई (युआईटीवी)- ‘नमो ऐप’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बजट 2024 ब्लूप्रिंट’ को साझा किया है,जिसमें आसान तरीकों से रोजगार सृजन और कौशल से जुड़े विभिन्न सरकारी योजनाओं,घोषणाओं तथा नए पहलों को बताया और समझाया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक पोस्ट में कहा कि बजट 2024 का उद्देश्य रोजगार से जुड़े नए प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए रोजगार के अवसर उत्पन्न करना,जॉब क्रिएटर्स को सक्षम बनाना तथा एक मजबूत कार्यबल का निर्माण करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष जोर देकर कहा कि यह एक संपन्न और कौशलपूर्ण भारत के निर्माण के लिए कौशल पहल,इन-हाउस शिक्षा प्रोत्साहन और नवाचार समर्थन के माध्यम से मंच का निर्माण करता है।
‘बजट 2024 ब्लूप्रिंट’ नमो ऐप पर ‘व्हाट्सएप इट’ सेक्शन में उपलब्ध है।
समृद्ध और समावेशी भारत निर्माण के लिए बजट एक व्यापक खाका है। इसमें 1.48 लाख करोड़ रुपये का आवंटन विशेष रूप से शिक्षा,रोजगार और कौशल विकास के लिए किया गया है।
सामूहिक विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य की पूर्ति हेतु रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन योजनाएं एक महत्वपूर्ण कदम हैं, क्योंकि ये प्रोत्साहन को सीधे रोजगार सृजन के साथ जोड़ती हैं।
