मुंबई,13 नवंबर (युआईटीवी)- प्रियंका चोपड़ा,अक्षय कुमार और करीना कपूर खान की दमदार एक्टिंग से सजी फिल्म ‘ऐतराज’ की सीक्वल ‘ऐतराज 2’ जल्द ही सिनेमा स्क्रीन पर नजर आने वाली है। यह खुशखबरी बुधवार की सुबह मशहूर निर्माता और निर्देशक सुभाष घई ने दी। सुभाष घई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 2004 में आई सुपरहिट फिल्म ‘ऐतराज’ का जिक्र करते हुए पोस्ट किया और उन्होंने प्रियंका चोपड़ा की एक तस्वीर शेयर की,जिसमें वह सफेद रंग की आउटफिट में दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के साथ सुभाष घई ने प्रियंका चोपड़ा की जमकर तारीफ भी की।
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनास की तारीफ़ करते हुए सुभाष घई ने पोस्ट में लिखा कि, “बोल्ड और खूबसूरत प्रियंका चोपड़ा ने हिम्मत दिखाई और कर दिखाया और यही वजह है कि ‘ऐतराज’ में निभाए गए उनके किरदार को आज 20 साल बाद भी सिने प्रेमी भूल नहीं पाए हैं। फिल्म ‘ऐतराज’ का निर्माण मेरे मुक्ता आर्ट्स ने किया था। प्रियंका चोपड़ा पहले इस किरदार को निभाने में हिचकिचा रही थीं,लेकिन फिर उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ इस अति महत्वाकांक्षी महिला के किरदार को बखूबी निभाया।”
सुभाष घई ने इस पोस्ट के माध्यम से प्रियंका के अभिनय की सराहना की और यह बताया कि कैसे उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को निभाने के लिए पहले संकोच किया था,लेकिन बाद में उसे बेहतरीन तरीके से पर्दे पर उतारा।
फिल्म निर्माता सुभाष घई ने पुरानी ऐतराज के पलों को याद करने के बाद ‘ऐतराज’ के दूसरी किस्त की घोषणा की। उन्होंने लिखा, “मुक्ता आर्ट्स अब तीन साल की कड़ी मेहनत और बेहतरीन स्क्रिप्ट के साथ ‘ऐतराज 2’ के लिए तैयार है। बस इंतजार कीजिए।” यह फिल्म उन दर्शकों के लिए रोमांचक खबर है,जो ‘ऐतराज’ के पहले भाग के बाद से इसके अगले हिस्से का इंतजार कर रहे थे।
साल 2004 में रिलीज़ हुई ‘ऐतराज’ एक रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म थी। अब्बास-मस्तान ने इसका निर्देशन किया था,जबकि सुभाष घई ने इस फिल्म का निर्माण किया था। फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति (अक्षय कुमार) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर उसकी बॉस (प्रियंका चोपड़ा) यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है। इस केस की लड़ाई उसकी पत्नी (करीना कपूर) वकील के रूप में लड़ती है और अंत में इस केस का फैसला उसके पक्ष में आता है। फिल्म की कहानी,उसके ट्विस्ट और कलाकारों की बेहतरीन एक्टिंग ने इसे बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता दिलाई।
सुभाष घई का नाम हिंदी सिनेमा के सबसे प्रमुख और सफल फिल्म निर्माता-निर्देशकों में लिया जाता है। उन्होंने 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में दीं। उनकी फिल्मों में ‘विश्वनाथ’,’कर्ज’,’हीरो’,’विधाता’,’मेरी जंग’, ‘कर्मा’,’राम लखन’,’खलनायक’ और ‘सौदागर’ जैसी फिल्मों का नाम शामिल है। घई की 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘इकबाल’, ने सामाजिक मुद्दे पर आधारित होने के कारण बहुत वाहवाही बटोरी थी और उसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
अब, सुभाष घई एक बार फिर से दर्शकों के बीच ‘ऐतराज 2’ के जरिए वापसी करने जा रहे हैं और उनकी यह फिल्म एक बार फिर से फिल्म प्रेमियों को उत्साहित करने वाली है।