नई दिल्ली,16 नवंबर (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश के झाँसी स्थित ‘महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज’ के एनआईसीयू वार्ड में शुक्रवार को लगी भीषण आग के कारण 10 नवजात शिशुओं की मृत्यु ने पूरे देश को गमगीन कर दिया। इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से ट्वीट कर घटना पर गहरा दुख जताया गया।
पीएमओ ने लिखा, “उत्तर प्रदेश में झाँसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने की यह घटना बेहद दुखद और मन को व्यथित करने वाली है। जिन परिवारों ने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है,उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।”
PM @narendramodi has announced an ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF for the next of kin of each deceased in the mishap in the fire accident at Jhansi Medical College in Uttar Pradesh. The injured would be given Rs. 50,000. https://t.co/V8VVQqBb6M
— PMO India (@PMOIndia) November 16, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ से मृतक बच्चों के परिवारों को राहत के तौर पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सचिन माहौर के अनुसार,एनआईसीयू वार्ड में कुल 54 नवजात शिशु भर्ती थे। अचानक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लगने से वार्ड में तेजी से आग फैल गई। ऑक्सीजन की अधिकता के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। हालाँकि, राहत और बचाव कार्य में 47 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन 10 नवजातों की जान नहीं बचाई जा सकी। घायलों का इलाज जारी है।
उत्तर प्रदेश में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर, शोक संतप्त माता-पिता और परिवारजनों को, यह क्रूर आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना…
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 16, 2024
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के झाँसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में हुए हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स ‘ पर अपनी संवेदनाएँ प्रकट करते हुए लिखा, “झाँसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।”
राष्ट्रपति ने शोक संतप्त माता-पिता और परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि वह उन्हें यह क्रूर आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” साथ ही, उन्होंने घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति के इस संवेदनशील संदेश ने देशभर में मातम के माहौल में एकजुटता और सहानुभूति का भाव प्रकट किया है।
जनपद झांसी स्थित मेडिकल कॉलेज के NICU में घटित एक दुर्घटना में हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 15, 2024
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताते हुए जाँच के आदेश दिए और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट की।
स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार की देखरेख में घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किए गए। मुख्यमंत्री ने इस मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन से वार्ड में सुरक्षा मानकों का विस्तृत मूल्यांकन करने को भी कहा गया है।
इस त्रासदी ने न केवल झाँसी बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मासूम नवजातों की असामयिक मौत ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा उपायों की पुनः समीक्षा और सुधार की आवश्यकता पर जोर देती है।
इस हृदयविदारक घटना ने उन माता-पिताओं को अपार पीड़ा दी है,जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया। सरकार और प्रशासन ने घटना की जाँच और पीड़ितों को राहत देने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह घटना सभी के लिए एक चेतावनी है कि अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों में सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
