कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू, हर दिन दो चरणों में पूरी करेंगे तय दूरी

कन्याकुमारी, 8 सितम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)- कांग्रेस की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई है, राहुल गांधी सहित 117 भारत यात्री व उनके अलावा अन्य यात्रियों नें भी अपनी पद यात्रा शुरू कर दी है। कांग्रेस के अलावा तमाम सिविल सोसाइटी के लोग भी 150 दिन की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं, यह सभी साढ़े तीन हजार से ज्यादा किलोमीटर चलते हुए देश के 12 राज्यों से होकर गुजरेंगे।

कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा में सुबह राहुल गांधी के साथ राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी बतौर यात्री शामिल हुए, हालांकि वह 150 दिन नहीं चलेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं। युवा यात्रियों से लेकर बुजुर्ग यात्री तक इसमें शामिल हुए हैं। 58 वर्षीय विजेंद्र सिंह महलावत राजस्थान राज्य से हैं, जो कि यात्रियों में सबसे बुजुर्ग मुसाफिर हैं।

तो वहीं 25 वर्षीय अरुणाचल प्रदेश के अजय जोम्बला सबसे युवा मुसाफिर हैं। सभी भारत यात्री कंटेनर में रुकेंगे इसलिए कंटेनर की उसी के अनुसार व्यवस्था भी की गई है।

भारत जोड़ो यात्रा रोजाना 22 से 23 किमी का सफर तय करेगी। हर दिन दो चरणों में इस दूरी को तय किया जाएगा। इनमें रोज सुबह सात बजे यात्रा शुरू होगी और सुबह 10 बजे पहला ब्रेक होगा। वहीं विश्राम के बाद दोपहर में साढ़े तीन बजे से फिर यात्रा जारी रहेगी और शाम को सात बजे फिर रात्रि विश्राम के लिए ठहराव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *