Murder

यूपी में युवती ने अपने प्रेमी की मदद से छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), 23 सितम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में छोटे भाई की हत्या के आरोप में 16 वर्षीय एक लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। लड़के के एक दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की ने अपने प्रेमी और उसके साथी की मदद से अपने भाई की हत्या की साजिश रची। दरअसल, छोटे भाई ने उनके रिश्ते पर आपत्ति जताई थी और माता-पिता को बताने की धमकी दी थी।

पांचवीं पास आरोपी लड़की ने करीब तीन साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी और उसका 17 वर्षीय प्रेमी था, जो कक्षा 9 में पढ़ रहा है। मारे गए लड़के की पहचान 12 वर्षीय अनुराग यादव के रूप में हुई है, वह कक्षा 5 का छात्र था।

पुलिस अधीक्षक (ट्रांस-यमुना) सौरभ दीक्षित ने कहा, “पुलिस ने भाई की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में लड़की, उसके प्रेमी और उसके साथी समेत तीन किशोरों को गिरफ्तार किया है।”

पुलिस ने कहा, “मृतक के पिता ने उसे चल रहे पितृ पक्ष के दौरान मांसाहारी खाना खाने को लेकर फटकार लगाई थी। इस दौरान आरोपी बहन उसे अपने पिता के गुस्से से बचाने के बहाने अलग जगह ले गई, जहां उसका प्रेमी और उसका साथी पहले से ही वहां इंतजार कर रहे थे। सभी ने लड़के का गला घोंट दिया और फरार हो गए।”

जब उनके पिता ने दोनों भाई-बहनों को गायब पाया, तो उन्होंने और उनकी पत्नी ने उनकी तलाश शुरू कर दी। उन्होंने देखा कि उनका बेटा फर्श पर पड़ा है और घर के एक कोने में उनकी बेटी सहमी बैठी है। जब लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया तो, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजन और पुलिस ने लड़की से पूछताछ की तो उसने बताया कि दो युवकों ने लड़के की पिटाई की और फरार हो गए।

बाद में लगातार पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उपयुक्त धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तीनों को किशोर गृह भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *