कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए थरूर 30 सितंबर को एआईसीसी में भरेंगे नॉमिनेशन फॉर्म

नई दिल्ली, 28 सितंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर शुक्रवार 30 सितंबर को 12:15 मिनट पर नॉमिनेशन फॉर्म भरने कांग्रेस मुख्यालय जाएंगे। पार्टी में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के अधिकृत प्रतिनिधि नामांकन पत्र लेने के लिए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के दफ्तर पहुंचे और नामांकन पत्र के पांच सेट भी लिए।

शशि थरूर और अशोक गहलोत का नाम इस चुनाव में सबसे आगे चल रहा है, हालांकि राजस्थान में सियासी घटनाक्रम के बाद अशोक गहलोत के नाम पर विराम लगता नजर आ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव में कई सालों बाद ऐसा हो रहा है कि गांधी परिवार इस चुनाव में खड़ा नहीं हो रहा है।

दरअसल अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है। पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी। यानी जो भी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ना चाहता है वह पर्चा दाखिल कर सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाला केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण इस मतदान की देखरेख करेगा।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर रखी गई है। वोटिंग 17 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे, वोटिंग तभी होगी जब दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। अगर एक प्रत्याशी खड़ा होता है तो उसे निर्विरोध चुन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *