कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार

कांग्रेस विधायक पर महिला से रेप और उत्पीड़न का मामला दर्ज

भोपाल, 21 नवंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार पर एक महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है। धार जिले के गांधीवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सिंघार आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस के प्रमुख नेता माने जाते हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धार के नौगांव थाने में सिंघार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि कांग्रेस विधायक एक साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है और उसे परेशान कर रहा है।

मध्य प्रदेश में 15 महीने की कांग्रेस सरकार के दौरान कैबिनेट मंत्री रहे सिंघार को मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ का भी करीबी माना जाता है। राज्य कांग्रेस ने दावा किया कि भगवा पार्टी में शामिल होने के प्रस्ताव को अस्वीकार करने पर सिंघार को सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा डेढ़ साल से निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा, सिंघार के खिलाफ यह झूठा और मनगढ़ंत मामला है। जब से उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें सत्ताधारी पार्टी में शामिल होने के लिए पैसे की पेशकश की गई थी, तब से वह भाजपा के निशाने पर हैं।

इससे पहले सिंघार तब सुर्खियों में आए थे, जब भोपाल में उनके आवास पर एक महिला द्वारा कथित रूप से आत्महत्या करने के बाद उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *