हैदराबाद में नाबालिग लड़की से पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया

हैदराबाद, 9 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)| हैदराबाद से मानवता को झकझोर कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक जन्मदिन की पार्टी में एक नाबालिग लड़की को नशीला पदार्थ देकर पांच युवकों ने कथित तौर पर उसका सामूहिक दुष्कर्म किया। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 4 फरवरी को हैदराबाद के पुराने शहर में हुई थी, लेकिन बुधवार को इस घटना के बारे में तब पता चला जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध के लिए उकसाने के आरोप में एक लड़की और उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार किया है। 16 वर्षीय लड़की 4 फरवरी की रात चात्रिनाका इलाके में एक मेडिकल स्टोर पर गई थी। उसी इलाके की एक अन्य लड़की ने उसे भोईगुड़ा में एक दोस्त के यहां जन्मदिन की पार्टी में आने का झांसा दिया।

जब वे घर पहुंचे तो पीड़िता को लाने वाली लड़की अपने प्रेमी के साथ एक कमरे में चली गई, वहीं घर में मौजूद पांच युवकों ने उसके साथ दुराचार करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उसे शामक मिला हुआ पेय पीने के लिए मजबूर किया था। इसके बाद आरोपी ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने तेज आवाज में म्यूजिक इसलिए रखा था ताकि लड़की के चिल्लाने की स्थिति में पड़ोसियों को कोई आवाज न सुनाई दे। रात करीब 3 बजे घर लौटने के बाद पीड़िता ने आपबीती अपनी मां को बताई। बाद में उन्होंने चात्रिनाका पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने बलात्कार के आरोप में 18 से 21 वर्ष की आयु के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। लड़की और उसके प्रेमी को भी अपराध के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पांच लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि लड़की को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों को खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। लड़की सहित चार आरोपी भी दलित हैं जबकि तीन अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं। पीड़िता अपनी मां के साथ रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *