नोएडा में पुष्प प्रदर्शनी का दो साल बाद हुआ आयोजन

नोएडा, 27 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)| गेंदे की महक से गुलजार हुआ नोएडा स्टेडियम। जी हां हम बात कर रहे हैं पुष्प प्रदर्शनी की जो 2 साल बाद एक बार फिर नोएडा स्टेडियम के अंदर लगाई गई है। हर साल होने वाली यह पुष्प प्रदर्शनी कोविड के चलते बीते 2 सालों से नहीं हो पाई थी। लेकिन इस साल इस प्रदर्शनी को आयोजित किया गया है। 24 फरवरी को शुरू हुई प्रदर्शनी 26 फरवरी को समाप्त हो जाएगी। सुबह 10:00 बजे से रात 8:00 बजे तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पहले दिन हजारों लोग फूलों की खुशबू के साथ उस की रंगत देखने पहुंचे थे।

आयोजकों का मानना है कि 3 दिनों में तकरीबन 3 लाख लोगों के इस प्रदर्शनी में आने की उम्मीद जताई जा रही है। यह प्रदर्शनी पूरी तरीके से निशुल्क है। इसमें पहुंचकर लोग यहां लगे फूलों के अलग-अलग पौधे और उनके रखरखाव के बारे में जान सकते हैं और उन से बनाई गई सुंदर-सुंदर कलाकृतियों के साथ अपनी फोटोग्राफ भी कर सकते हैं।

पुष्प प्रदर्शनी में इस बार गेंदा मुख्य फूल है। गेंदा की नई प्रजातियों में यहां हाथी, कंगार, जिराफ के डिजाइन तैयार किए गए हैं। साथ ही गेंदे की कई किस्मों पर आधारित विविध स्टॉल भी यहां पर मौजूद है। वही बोनसाई, कैक्टस, सजावटी पौधे, फ्लावर पोट्स, हैंगिंग गार्डन, बर्टिकल गार्डन और फूलों की रंगोली भी बनाई गई है।

हवा को शुद्ध करने वाली प्रजाति के पौधे (एयर प्यूरीफायर) की भी कई किस्में यहां पर लगाई गई है। शो में 75 स्थानों पर साढ़े तीन हजार से ज्यादा प्रजातियों को प्रदर्शित करने का लक्ष्य रखा गया है।

फ्लोरीकल्चर सोसाइटी नोएडा की ओर से सजाया गया टेरिस गार्डन यह आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। टूटी फूटी और अनुपयोगी वस्तुओं से बनाए गए इस गार्डन में रंग-बिरंगे गमले बनाए गए हैं। यह लोगों को कम दाम में हरियाली घर में लाने का आसान रास्ता बना हुआ है।

इसके साथ साथ नोएडा प्राधिकरण का जैपनीज स्पोर्ट्स गार्डन भी लोगों को खूब भा रहा है। शहर की कई इंडस्ट्रिया कंपनियां और सरकारी संस्थान भी इस प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं। इस शो में वह सब कुछ है जो प्रकृति प्रेमियों को चाहिए। पौधे, गमले, खाद, मशीनरी, सामान के अलावा फूलों के जानवर वाली आकृतियों का मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन। उद्यान से संबंधित सामग्री और भोजन बेचने वाले लगभग 75 स्टॉल हैं।

शो की भव्यता का अंदाजा इस साल प्रतिस्पर्धी प्रविष्टियों की संख्या से लगाया जा सकता है। विभिन्न वर्गों से लगभग 2000 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इस वर्ष भी बहुप्रतीक्षित पुष्प प्रदर्शनी सभी आगंतुकों के चेहरे पर मुस्कान और सकारात्मकता लाएगी।

अलग-अलग वर्क और अलग-अलग सोसाइटी कंपनी के लोगों ने अपना अपना गार्डन तैयार कर लिया है और साथ-साथ इनकी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए सभी को इनाम भी दिए जा रहे हैं। इस पुष्प प्रदर्शनी से कहीं ना कहीं लोगों में एक सकारात्मकता और एक ऊर्जा का संचार हो रहा है। बच्चे और बुजुर्गों के लिए यह प्रदर्शनी किसी उपहार से कम नहीं क्योंकि यहां पर देखने के लिए सुंदर पुष्प और उनकी सुगंध से सराबोर माहौल लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *