भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल के परपोते सीआर केसवन भाजपा में शामिल

भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल के परपोते सीआर केसवन भाजपा में शामिल

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)- दक्षिण भारत में भाजपा का विस्तार अभियान लगातार जारी है। तीन दिनों में भाजपा ने दक्षिण भारत में कांग्रेस को तीन बड़े राजनीतिक झटके देते हुए केरल और आंध्र प्रदेश के बाद आज तमिलनाडु के भी पूर्व कांग्रेस नेता को अपनी पार्टी में शामिल करा लिया है। आजाद भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल और स्वतंत्रता सेनानी सी. राजगोपालाचारी के परपोते सीआर केसवन ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने केसवन को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी सहित अन्य कई नेता भी मौजूद रहे।

सीआर केसवन ने इसी वर्ष फरवरी में कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाते है पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा दे दिया था।

आपको बता दें कि, गुरुवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और मनमोहन सिंह सरकार में रक्षा मंत्री रह चुके एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने भाजपा का दामन थामा था, तो वहीं शुक्रवार को अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भी भाजपा में शामिल हो गए थे । शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी भाजपा का विस्तार अभियान जारी रहा और आज भाजपा ने तमिलनाडु कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता रह चुके सीआर केसवन को पार्टी में शामिल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *